ETV Bharat / bharat

भोपाल में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ पुलिस का नया प्रयोग, अस्पतालों में शराबी वार्ड तैयार

भोपाल पुलिस ने पियक्कड़ वाहन चालकों के खिलाफ विशेष मुहिम चलाई. कानूनी कार्रवाई के साथ ही 24 घंटे अस्पताल में बिताने होंगे.

campaign against drunk drivers
भोपाल में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ पुलिस की मुहिम (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : December 31, 2025 at 2:34 PM IST

|

Updated : December 31, 2025 at 4:25 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

रिपोर्ट : प्रदीप ठाकुर

भोपाल : भोपाल पुलिस ने नए साल से एक दिन पहले शराबी वाहन चालकों के खिलाफ कमर कसी. भोपाल पुलिस लगातार 3 दिन स्पेशल मुहिम चलाएगी. ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ मुहिम सख्ती से चलाने के आदेश भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने दिए हैं. इस बार ड्रिंक एंड ड्राइव करने पर कानूनी कार्रवाई तो पुलिस करेगी ही, साथ ही एक नया प्रयोग कर रही है.

शराब पीकर गाड़ी चलाने पर कड़ी सजा का प्रावधान है, जिसमें जुर्माना, जेल और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होना शामिल है, लेकिन इसके बावजूद ये घटनाएं रुक नहीं रही हैं. इसी को देखते हुए भोपाल पुलिस ने ये नया प्रयोग किया है.

भोपाल में पियक्कड़ वाहन चालकों के खिलाफ विशेष मुहिम (ETV BHARAT)

पियक्कड़ वाहन चालकों के लिए अस्पतालों में इंतजाम

भोपाल पुलिस ने शराबी वाहन चालकों को सबक सिखाने के लिए खास तैयारियां की हैं. इसके अनुसार जो वाहन चालक अब शराब पीकर दोपहिया या चारपहिया गाड़ी चलाते पाएंगे, उन्हें 24 घंटे के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा.

जश्न मनाने के लिए नए साल पर शराब पीने वाले वाहन चालकों के लिए पुलिस ने भोपाल जिला अस्पताल जेपी व हमीदिया अस्पताल में स्पेशल वार्ड बनाए हैं. इन्हें ड्रिंकर वार्ड का नाम दिया गया है. ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों को यहां भर्ती करने के लिए बाकायदा बेड सजाए गए हैं.

आदतन शराबी को नशा मुक्ति केंद्र भेजेंगे

शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को पूरी रात जेपी अस्पताल या फिर हमीदिया अस्पताल में बितानी पड़ेगी. पुलिस के अनुसार ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों को 24 घंटे अस्पताल में रखने की व्यवस्था की गई है. पुलिस कमिश्नर कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने बताया "ये नया प्रयोग राजधानी में नए साल पर 3 दिन चलेगा. हमीदिया और जेपी अस्पताल में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को पूरी रात रखा जाएगा ऑब्जर्वेशन में. इसके साथ ही ऐसे वाहनचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी."

भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र (ETV BHARAT)

भोपाल पुलिस के अनुसार अस्पतालों में भर्ती करने की सुविधा ऐसे शराबी वाहन चालकों के लिए की गई है, जो कभी-कभी खास मौके पर शराब पीकर वाहन चलाते हैं. अगर कोई ऐसा शराबी वाहन चालक मिलता है तो उसे नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया जाएगा.

शराबी वाहन चालकों को लाइन पर लाने का तरीका

भोपाल पुलिस का मानना है कि अत्यधिक नशे की हालत में व्यक्ति को सीधे पुलिस हिरासत में रखने से उसकी सेहत को खतरा हो सकता है. कई बार नशे के कारण दुर्घटना, झगड़े या अप्रिय घटनाएं भी हो जाती हैं. ड्रिंकर वार्ड की व्यवस्था से न केवल ऐसे मामलों में कमी आएगी, बल्कि नशे से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों को भी कम किया जा सकेगा.

हमीदिया और जेपी अस्पताल में बनाए गए इन विशेष वार्डों में प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है, जो नशे की हालत में लाए गए व्यक्तियों की सतत निगरानी करेगा. पुलिस प्रशासन का यह कदम कानून व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक और स्वास्थ्य सरोकारों को संतुलित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है.

CAMPAIGN AGAINST DRUNK DRIVERS
पियक्कड़ वाहन चालकों के लिए अस्पतालों में इंतजाम (ETV BHARAT)

नए साल पर फिलहाल पुलिस की 3 दिनी मुहिम

पुलिस कमिश्नर कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र के अनुसार "ये पहल राजधानी भोपाल को अधिक सुरक्षित, संवेदनशील और जिम्मेदार शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयोग के रूप में है. नए साल को देखते हुए 3 दिन पुलिस चेकिंग अभियान सख्ती से चलेगा. राजधानी में 75 जगहों पर 1500 पुलिसकर्मी ब्रेथ एनालाइजर से चेकिंग करेंगे. पुलिस का मुख्य उद्देश्य तेज गति से वाहन चलाने वालों को सबक सिखाने के साथ ही आम लोगों को हादसों से बचाना है."

इस मामले मे जेपी अस्पताल के डॉ. प्रमोद शर्मा ने बताया "हमने एक वार्ड तैयार किया है. इसमें 10 लोगों के रुकने की क्षमता है. अगर लोग बढ़ते हैं तो अन्य वार्ड में भी तैयार हैं. जो लोग ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत यहां लाए जाएंगे, उनका उपचार भी किया जाएगा.

मध्य प्रदेश में ड्रिंक एंड ड्राइव से हुए कुछ प्रमुख हादसे

मध्य प्रदेश में ड्रिंक एंड ड्राइव से हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं. इन घटनाओं को अंजाम देने वालों में आम नागरिकों के साथ ही पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. इंदौर के बड़ा गणपति इलाके में ट्रक ड्रायवर ने 6-7 लोगों को कुचलकर मार डाला. ट्रक ड्रायवर नशे में पाया गया था.

  • 12 Jul 2025 : उज्जैन में भीषण सड़क हादसा, शराब के नशे में ऑटो की बस से टक्कर, चालक समेत दो की मौत.
  • 7 नवंबर 2025 : भोपाल में होशंगाबाद रोड पर स्थित दानिश चौराहे पर रात को शराब के नशे में धुत जीप ड्राइवर ने कई वाहनों और राहगीरों को टक्कर मारी. कई चौराहों पर गाड़ियों को ओवरटेक करते हुए टक्कर मारीं और फिर दानिश चौराहे पर बेकाबू होकर 7 लोगों को और एक कार को टक्कर मारी.
  • 3 नवंबर 2025 : भोपाल में नशे में धुत आईटीबीपी पुलिस लाइन के जवानों ने पैदल यात्रियों को टक्कर मारी, जिससे कई लोग घायल.
  • 20 दिसंबर : दतिया शहर में एसडीएम के ड्राइवर ने शराब के नशे में वाहन चलाते हुए बुजुर्ग महिला को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुई.
  • 29 दिसंबर 2025 : नीमच में देर रात को शराब के नशे में धुत पुलिसकर्मी ने बाइक सवार दो व्यक्तियों को रौंद दिया. कार में दो पुलिसकर्मी सवार थे, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अत्यधिक शराब पी रखी थी, सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी.
  • 31 दिसंबर 2025 : सिवनी मालवा के ग्राम चौतलाय में मंगलवार रात सड़क हादसे में दोपहिया वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा आरव ढाबे के पास दोपहिया वाहन और ऑटो की भिड़ंत से हुआ.
Last Updated : December 31, 2025 at 4:25 PM IST