एयर इंडिया फ्लाइट में सवार थे 172 यात्री, वॉर्निंग अलर्ट बजा तो बैंगलुरू नहीं भोपाल में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
दिल्ली से बैंगलुरू जा रही एयर इंडिया फ्लाइट की भोपाल में इमरजेंसी लैंडिग. कार्गो सेक्शन में धुंआ दिखा तो पायलट ने प्लेन उतारा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : November 3, 2025 at 11:29 PM IST
|Updated : November 3, 2025 at 11:39 PM IST
भोपाल: भोपाल। राजधानी के राजा भोज विमानतल पर एयर इंडिया की फ्लाइट के इमरजेंसी लैंडिंग का मामला सामने आया है. जिसमें एयर इंडिया का विमान दिल्ली से बैंगलुरु जा रहा था. लेकिन इस बीच कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण पायलट ने भोपाल एयरपोर्ट अथारिटी से लैंडिंग की परमिशन मांगी थी. इसकी स्वीकृत मिलते ही रात करीब 8.15 बजे फ्लाइट की राजा भोज एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. हालांकि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं.
विमान में 172 यात्री थे सवार
भोपाल एयरपोर्ट अथारिटी के डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि दिल्ली से बैंगलुरु जा रहे विमान में तकनीकी समस्या के कारण पायलट ने हमसे इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन मांगी थी. पायलट को सिस्टम में कुछ खामियों को अंदेशा था. इसमें 172 यात्री सवार थे. अवस्थी ने बताया कि पायलट का अलर्ट मिलते ही हमने राजा भोज विमानतल पर इमरजेंसी लैंडिंग की सभी तैयारियां पूरी कर ली थी. जिससे विमान के इमरजेंसी लैंडिंग में कोई समस्या नहीं हुई.

दिल्ली के बैंगलोर जा रही थी फ्लाइट
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने जानकारी दी कि, दिल्ली से बैंगलोर जा रही एयर इंडिया की विमान संख्या AI-2487 में पायलट को कुछ दिक्कत लगी. जिसके बाद एटीसी से संपर्क कर भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराने के लिए परमिशन मांगा. इधर, उड़ान संख्या 164 POB में धुएं की सूचना के कारण भोपाल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दिया गया. सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया. फ्लाइट ने रात 8:15 बजे एहतियातन लैंड किया.
- विंध्य में एयर इंडिया के ATR-72 600 एयरक्राफ्ट का ट्रायल, रीवा का लाल लेकर उड़ा विमान
- इंदौर एयरपोर्ट पर Air India Express की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, विमान में 161 यात्री थे सवार
कार्गो सेक्शन में खराबी का मिला था अलर्ट
रामजी अवस्थी ने बताया कि विमान के पायलट ने बताया कि उसे विमान के कार्गो सेक्शन में इमरजेंसी वार्निंग का सिग्नल मिला था. जिसके बाद पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया. हालांकि बाद में सिग्नल को क्लियरेंस मिल गया था. लेकिन पायलट ने सावधानी बरतते हुए भोपाल में फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई. भोपाल एयरपोर्ट पर टेक्निकल टीम ने फ्लाईट की विस्तृत जांच की है. इसमें सभी चीजें सामान्य पाई गई है.

सूचना मिलते ही सभी एजेंसियां हुई अलर्ट
बता दें कि दिल्ली से बैंगलुरु जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई-2487 में पायलट को विमान के कार्गो सेक्शन में तकनीकी खराबी का अलर्ट मिला था. जिसके बाद पायलट ने एटीसी से संपर्क कर भोपाल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन मांगी थी. जिसके बाद सभी एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया था. हालांकि विमान की जांच करने के बाद इसमें कोई खास तकनीकी खराबी सामने नहीं आई है. कुछ ही देर बाद विमान को भोपाल से बैंगलुरु के लिए रवाना किया जाएगा.
भोपाल एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इमरजेंसी सेवाओं को किया अलर्ट
रामजी अवस्थी ने बताया कि विमान में 164 यात्रियों के साथ कुल 172 लोग मौजूद थे. ऐसे में इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन देने के बाद भोपाल एयरपोर्ट अथारिटी ने स्वास्थ्य और फायर सर्विसेस के साथ अन्य इमरजेंसी सेवाओं को अलर्ट कर दिया था. हालांकि पायलट ने विमान को भोपाल में सुरक्षित लैंड कराया. यहां यात्रियों को भी कोई परेशानी नहीं हुइर्।.

