बिहार में विक्रमशिला सेतु का स्लैब गिरा, आवाजाही ठप
उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार को जोड़ने में विक्रमशिला सेतु महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है. इसके पिलर गिरने से समस्या खड़ी हो गई है. पढ़ें

Published : May 4, 2026 at 7:10 AM IST
भागलपुर : बिहार में पुलों का गिरना कोई नई बात नहीं है. एक बार फिर से कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला है. विक्रमशिला सेतु का 133 नंबर पिलर ने जल समाधि ले ली है. इससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
विक्रमशिला सेतु का पिलर गिरा : दरअसल, विक्रमशिला सेतु भागलपुर और नवगछिया को जोड़ता है. बाताया जा रहा है कि भागलपुर की ओर शुरुआती हिस्से में धंसान होने के बाद करीब 33 मीटर हिस्सा गंगा नदी में समा गया. आधी रात करीब 12:50 बजे पुल के पिलर नंबर 133 के पास सड़क का एक बड़ा स्लैब अचानक टूटकर गंगा में गिर गया. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.

जान-माल की क्षति नहीं : गनीमत रही कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और प्रशासन की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया. उस समय पुल पर कई वाहन मौजूद थे लेकिन समय रहते सभी को पीछे हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया. घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
''सुरक्षा के मद्देनजर विक्रमशिला सेतु पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है. पुल के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर दी गई है. साथ ही तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है.''- नवल किशोर चौधरी, जिलाधिकारी, भागलपुर
'वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग' : मामले को लेकर एसएसपी प्रमोद यादव ने बताया कि सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जा रहा है. फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें.

उत्तर-दक्षिण बिहार को जोड़ने की महत्वपूर्ण कड़ी : अब भागलपुर से नवगछिया और सीमांचल जाने वाले लोगों को मुंगेर और सुल्तानगंज के रास्ते यात्रा करनी होगी. विक्रमशिला सेतु उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है. इसके बंद होने से आम लोगों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें :-
बिहार में एक और पुल ध्वस्त, 2 साल पहले BJP विधायक की कंपनी ने कराया था निर्माण

