बिहार में भीषण सड़क हादसा, 3 गाड़ियां आपस में टकराईं.. 4 की मौत
बिहार के भागलपुर में भीषण सड़क हादसा हुआ है. तीन गाड़ियां आपस में टकराईं है, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई. पढ़ें पूरी खबर..

Published : February 24, 2026 at 6:56 PM IST
भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) 31 पर मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. भागलपुर से सहरसा की ओर जा रही एक बेलगाम बस ने सामने से आ रही ई-रिक्शा और एक पिकअप वैन में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में 4 की मौत हो गई और 13 लोग घायल है, जिसमें 5 की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
भागलपुर में भीषण सड़क हादसा : पुलिस जिला नवगछिया के झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दयालपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) 31 पर यह हादसा हुआ. हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए, जिसमें 6 वर्षीय मासूम बच्चे सहित 4 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं. गंभीर रूप से घायलों को भागलपुर रेफर किया गया है. घायलों में पांच की स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है.
इलाज कराकर लौट रहे थे सभी : जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा पर सवार सभी लोग नारायणपुर से अपना इलाज करवाकर लौट रहे थे. इसी दौरान दयालपुर के पास तेज रफ्तार बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और भारी अफरा-तफरी मच गई.
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे DM, SP : हादसे की सूचना मिलते ही भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और नवगछिया की एसपी प्रेरणा कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने तुरंत हालात का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर हाईवे पर लगे जाम को हटवाया. मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है.
हाई स्पीड बनी हादसे की वजह? : नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने बताया कि झंडापुर थाना क्षेत्र में बगडी पुल के पास ये हादसा हुआ था. जिसमें 4 लोगों की तुरंत मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं. इनमें कुछ की स्थिति गंभीर है, जिन्हें मायागंज अस्पताल भेजा गया है. एसडीपीओ, डीएसपी ट्रैफिक और जिलाधिकारी समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे. सभी को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
''प्रथम दृष्ट्या ऐसा प्रतीत होता है कि बस द्वारा दो छोटे वाहनों को टक्कर मारा गया है. इसमें 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और घायलों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है. मामला दर्ज कर गाड़ी के मालिक और ड्राइवर की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.'' - प्रेरणा कुमार, एसपी, नवगछिया
हादसे पर क्या बोले जिलाधिकारी? : जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि मृतकों में सभी चार लोगों की पहचान हो गई है. मृतकों में समेली, कटिहार निवासी शिवनारायण मंडल के पुत्र अरविंद कुमार मंडल (40 वर्ष), खगड़िया जिले के मोरकाही निवासी अमन निषाद के पुत्र कुणाल कुमार (6 वर्ष), खगड़िया जिले के भित्ता, इस्माईलपुर निवासी सुनील दास (40 वर्ष) और पूर्मि देवी (35 वर्ष) के रूप में हुई है.
''हादसे में 11 लोग घायल है. घायलों में सत्येंद्र मंडल, चंदन, मिट्ठू मंडल, विजय कुमार, मनोज कुमार, राजू कुमार (सभी कटिहार जिला के निवासी), अमन निषाद, सीमा देवी और कल्पना देवी (सभी भागलपुर जिला के निवासी) शामिल है. सभी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भेजा गया है. कई लोगों को हल्की चोट है, जिनका प्राथमिक उपचार कर छोड़ दिया गया है.'' - डॉ. नवल किशोर चौधरी, जिलाधिकारी
क्या बोले JLNMCH के डॉक्टर? : घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (JLNMCH) में भर्ती कराया गया. JLNMCH के प्रभारी अधीक्षक डॉ. महेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में घायलों का समुचित इलाज किया जा रहा है.
''कुछ देर पहले जिलाधिकारी के कार्यालय से पता चला है कि झंडापुर के पास एक दुर्घटना हुई है. तत्काल हम लोग जुट गए है. सारे डॉक्टर्स कर्मी लगे हुए है. अभी तक 5 मरीज यहां आए है, दो मरीज ज्यादा गंभीर है, सभी का इलाज चल रहा है. अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ सुरेश और पूरी टीम अलर्ट है.'' - डॉ. महेश कुमार, प्रभारी अधीक्षक
कागजों तक सीमित ई-रिक्शा पर बैन! : सरकार ने हाल ही में नेशनल हाईवे (NH) और स्टेट हाईवे (SH) पर ई-रिक्शा के परिचालन पर पूरी तरह से रोक लगाई थी. इसके बावजूद NH-31 पर धड़ल्ले से ई-रिक्शा दौड़ रहे हैं. इस दर्दनाक हादसे ने पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है. अगर नियमों का कड़ाई से पालन कराया गया होता, तो शायद ये चार जिंदगियां काल के गाल में नहीं समातीं.
ये भी पढ़ें:
भागलपुर में भीषण सड़क हादसा, दो ट्रकों की आमने-सामने की भिड़ंत, ड्राइवर की मौत, 4 गंभीर
बेटी की शादी का निमंत्रण देने गए पिता की सड़क हादसे में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बिहार में दर्दनाक हादसा, ट्रक और हाइवा में भीषण टक्कर, चालक की जलकर मौत

