दर्दनाक! शादी के मंडप में थम गईं दूल्हे की सांसें, अधूरी रह गई दुल्हन के हाथों की मेहंदी
बेतिया में शादी के मंडप में सात फेरों से ठीक पहले दूल्हे की अचानक मौत हो गई, जिससे खुशियां मातम में बदल गईं.

Published : June 26, 2026 at 6:20 PM IST
बेतिया : बिहार के बेतिया में शहनाइयों की गूंज के बीच मातम पसर गया. मझौलिया में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब सात फेरों से पहले ही दूल्हे की अचानक मौत हो गई. जिस मंडप में कुछ देर बाद शादी की रस्में पूरी होनी थीं, वहीं देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई. दुल्हन के हाथों की मेहंदी अधूरी रह गई और दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
सात फेरे से पहले बिगड़ी दूल्हे की तबीयत : मामला मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के सरिसवा पंचायत का है. जानकारी के अनुसार, जगदीश शर्मा के 25 वर्षीय पुत्र शक्तिनाथ शर्मा की शादी धूमधाम से तय हुई थी. गुरुवार को बैंड-बाजे और रिश्तेदारों के साथ उनकी बारात पूर्वी चंपारण जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र पहुंची थी. विवाह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थींं. दूल्हा और दुल्हन विवाह के जोड़े में मंडप में बैठ चुके थे. परिवार और रिश्तेदार शादी की खुशियों में डूबे हुए थे. कुछ ही देर में सात फेरे होने वाले थे, लेकिन अचानक ऐसी घटना हुई जिसने पूरे माहौल को गम में बदल दिया.
अचानक पेट में शुरू हुआ तेज दर्द : बताया जा रहा है कि इसी दौरान दूल्हे शक्तिनाथ शर्मा के पेट में अचानक तेज दर्द शुरू हो गया. पहले तो परिजनों ने इसे सामान्य समझा, लेकिन जब उनकी हालत बिगड़ने लगी तो आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रक्सौल स्थित एसआरपीएस अस्पताल रेफर कर दिया.
''हमें अब भी इस घटना पर विश्वास नहीं हो रहा है. पूरे गांव में शोक का माहौल है. शादी के गीतों और शहनाइयों की जगह अब हर तरफ मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है.''- सुनील शर्मा, मृतक के परिजन
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित : अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच की, लेकिन शक्तिनाथ शर्मा को बचाया नहीं जा सका. उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. जैसे ही दूल्हे की मौत की खबर शादी समारोह में पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई. जिस घर में दुल्हन की विदाई की तैयारी हो रही थी, वहां से दूल्हे की अर्थी की खबर ने सभी को झकझोर दिया.
''शक्तिनाथ हम तीन भाइयों में सबसे छोटा था. माता-पिता का निधन पहले ही हो चुका है. परिवार के लिए यह शादी एक बड़ी खुशी का मौका थी, लेकिन अचानक आई इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया.''- कर्मा शर्मा, मृतक दूल्हे का भाई
ये भी पढ़ें- Video Call पर डोली उठी, शादी की रस्म पूरी होते ही दुनिया छोड़ गए पिता

