बेलगावी फैक्ट्री विस्फोट: मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हुई, परिजनों का विरोध प्रदर्शन
कर्नाटक के बेलगावी जिले में इनामदार शुगर फैक्ट्री में विस्फोट की घटना में घायल हुए चार और मजदूरों की मौत हो गई.

Published : January 8, 2026 at 5:46 PM IST
बेलगावी (कर्नाटक): बेलगावी जिले के बैलहोंगल तालुका में बुधवार को इनामदार शुगर फैक्ट्री में बॉयलर फटने से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई. गुरुवार को अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए चार और लोगों ने दम तोड़ दिया. जबकि बुधवार को तीन लोगों की मौत की पुष्टि की गई थी.
7 जनवरी बुधवार को दोपहर करीब 2 बजे इनामदार शुगर फैक्ट्री के कम्पार्टमेंट नंबर 1 में दीवार की मरम्मत करते समय धमाका हुआ था. बॉयलर से गर्म सामान गिरने से आठ वर्कर्स गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घायलों को तुरंत बैलहोंगल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लेकिन तीन वर्कर्स दीपक मुनवल्ली (31), सुदर्शन बनोशी (25), और अक्षय सुभाष चोपड़े (48) की मौत हो गई थी.
अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को घायल चार और मजदूरों ने दम तोड़ दिया. गोकक तालुक के 27 साल के भरत बसप्पा सरवाड़ी, बैलहोंगल तालुक के 28 साल के मंजूनाथ मदिवालप्पा कजागर, बागलकोट के 38 साल के गुरुनाथ भीरप्पा तमन्नावारा और अथानी तालुक के 31 साल के मंजूनाथ गोपाल तेराडाला की भी इलाज के दौरान मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में घायल हुए गोकक तालुक के राघवेंद्र मल्लप्पा गिरियाल (36) का वर्तमान में गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में इलाज चल रहा है.
मृतक मजदूरों के रोते-बिलखते परिवारजन अपने प्रियजनों का शव पाने के लिए हॉस्पिटल के मुर्दाघर के सामने मौजूद थे.
मंजूनाथ की प्रेग्नेंट पत्नी का क्या होगा
ईटीवी भारत से बात करते हुए, मृतक मजदूर मंजूनाथ तेराडाला के भाई विश्वनाथ ने कहा, "हम बहुत दुखी हैं. हमारा भाई दो साल से मैकेनिकल इंजीनियर के तौर पर काम कर रहा था. फैक्ट्री ने हमें इस घटना के बारे में नहीं बताया. मीडिया में खबर देखकर हम अस्पताल पहुंचे. उसकी पत्नी प्रेग्नेंट है. डॉक्टरों ने तीन दिन बाद डिलीवरी की डेट बताई है. उसे इस घटना के बारे में पता चल गया है. हालांकि, हमने उसे अब तक इस मौत के बारे में नहीं बताया है."
विश्वनाथ ने कहा कि हमारा भाई परिवार की आय का प्रमुख स्रोत था. अभी तक फैक्ट्री की तरफ से मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा नहीं की गई है. जब तक इनामदार शुगर फैक्ट्री की तरफ से मुआवजे की घोषणा नहीं की जाती है, हम शव को हाथ नहीं लगाएंगे.
रिश्तेदारों का मुर्दाघर के बाहर विरोध प्रदर्शन
मृतक मंजूनाथ के परिवार और दोस्तों ने इनामदार शुगर फैक्ट्री के मैनेजमेंट के खिलाफ अस्पताल के मुर्दाघर के सामने अपना गुस्सा जाहिर किया है. उन्होंने न्याय की मांग करते हुए नारे लगाए. उन्होंने कहा कि फैक्ट्री को मौके पर आकर मुआवजे का ऐलान करना चाहिए. उन्होंने जोर दिया है कि तब तक वे बॉडी नहीं लेंगे.

