जम्मू में बिना वीज़ा-पासपोर्ट के रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, पुलिस ने आम जनता को दी बड़ी चेतावनी
पुलिस ने आमलोगों से अपील की है कि अवैध रूप से रह रहे किसी भी विदेशी नागरिक को आश्रय या सहायता प्रदान नहीं करनी चाहिए.


Published : December 7, 2025 at 2:11 PM IST
जम्मू: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला को अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है. महिला के पास न तो पासपोर्ट था और न ही वीज़ा. वह अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रही थी. पुलिस ने आव्रजन और विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जनता से अपील की है कि वे अवैध विदेशी नागरिकों को आश्रय न दें, ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला के खिलाफ भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने और रहने के आरोप में मामला दर्ज किया है. यह कार्रवाई शनिवार को इलाके में महिला के अवैध रूप से रहने की सूचना मिलने के बाद की गई. पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, महिला, बांग्लादेश के हबीगंज जिले की रहने वाली है. कनफार इलाके (चंद्रकोट) में मिली, जहां वह पिछले कुछ दिनों से रह रही थी.
प्रवक्ता ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि महिला ने बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत में प्रवेश किया था और वह अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रही थी. जिससे उसकी मौजूदगी के उद्देश्य के बारे में गंभीर संदेह पैदा होता है. पुलिस ने चंद्रकोट पुलिस स्टेशन में आव्रजन और विदेशी अधिनियम (Immigration and Foreigners Act) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने आमलोगों से अपील की है कि अवैध रूप से रह रहे किसी भी विदेशी नागरिक को आश्रय, आवास या किसी भी प्रकार की सहायता प्रदान नहीं करनी चाहिए. चेतावनी दी कि ऐसे व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार के समझौते या विवाह संबंध बनाने से पहले, किसी को भी उनकी कानूनी स्थिति को सत्यापित करना चाहिए. पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस जिला स्तर पर आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने और आव्रजन कानूनों को सख्ती से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है.
इसे भी पढ़ेंः

