ETV Bharat / bharat

अत्याचार से तंग आकर दलाल के जरिए भारत आया बांग्लादेशी परिवार, बिहार पुलिस ने भेजा जेल

बांका के जमदाहा राधा-कृष्ण मंदिर से बांग्लादेशी दंपती और उनके दो बच्चों को हिरासत में लिया गया. अवैध घुसपैठ का मामला दर्ज. पढ़ें खबर-

Bangladeshi detained in Bihar
बांका में बांग्लादेशी दंपती (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 29, 2026 at 11:32 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बांका: बिहार के बांका जिले के जमदाहा ओपी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध राधा-कृष्ण मंदिर (ठाकुरबाड़ी) से पुलिस ने एक बांग्लादेशी दंपती और उनके दो बच्चों को हिरासत में लिया है. परिवार पिछले तीन दिनों से मंदिर परिसर में रह रहा था.

बांका में पकड़ा गया बांग्लादेशी दंपती: मंदिर के संचालक विजय राय को दंपती की गतिविधियों पर संदेह हुआ. उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ शुरू की, जिसमें दंपती ने खुद को बांग्लादेशी नागरिक बताया.

दंपती की पहचान: पुरुष ने अपना नाम मिल्टन हल्दर, निवासी बरिशाल और महिला ने झुमारानी दास, निवासी मुन्सिगंज, ढाका बताया है. दोनों के पास भारत में रहने या प्रवेश का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला. पूछताछ के बाद चारों को न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय भेज दिया गया.

भारत आने का कारण: दंपती ने बताया कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचार और परिवार के सदस्यों के लापता होने के बाद बच्चों की सुरक्षा के लिए वे भारत आए. उन्होंने ढाई महीने पहले एक दलाल को 20 हजार रुपये देकर अवैध रूप से सीमा पार की.

पश्चिम बंगाल से उत्तर प्रदेश फिर पहुंचे बिहार: सीमा पार करने के बाद वे पश्चिम बंगाल पहुंचे और फिर पकड़े जाने के डर से उत्तर प्रदेश के वृंदावन चले गए. वहां मंदिरों में सेवा करने के बाद वे घूमते हुए बिहार के बांका जिले के जमदाहा मंदिर पहुंचे और तीन दिन से यहां ठहरे हुए थे.

एसपी का बयान: पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि वे भारत में किस मार्ग से आए और क्या कोई स्थानीय व्यक्ति या अवैध नेटवर्क शामिल है. संबंधित केंद्रीय एजेंसियों को भी सूचना दे दी गई है. बांका एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि बांग्लादेशी दंपती को बच्चों समेत हिरासत में लिया गया है. जांच में अभी कोई जासूसी एंगल नहीं मिला है. बांग्लादेशी दूतावास को सूचना दे दी गई है और उन्हें भागलपुर सेंट्रल जेल भेजा गया है.

"बांग्लादेशी दंपती को उनके दो बच्चों सहित हिरासत में लिया गया है. प्रारंभिक जांच में कोई जासूसी या संदिग्ध गतिविधि नहीं पाई गई है. मामला दर्ज कर बांग्लादेश दूतावास को सूचना दे दी गई है. फिलहाल सभी चारों को भागलपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है." -अमितेश कुमार, एसपी, बांका

ये भी पढ़ें-

बिना आधार-पहचान पत्र के नेपाल में एंट्री पर रोक, टाइट सुरक्षा व्यवस्था से मुश्किल में स्थानीय लोग

भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, बांग्लादेशी महिला समेत 5 घुसपैठिए गिरफ्तार