ETV Bharat / bharat

बंगाल में SIR के डर से भागने की कोशिश में था बांग्लादेशी नागरिक, सीमा पर गिरफ्तार

बांग्लादेशी नागरिक को शुक्रवार रात बंगाल के कूचबिहार जिले के हल्दीबाड़ी से गिरफ्तार किया गया. वह करीब चार साल से भारत में रह रहा था.

Bangladeshi arrested in West Bengal living illegally in India trying to flee across border after SIR
प्रतीकात्मक तस्वीर (ANI)
author img

By IANS

Published : November 15, 2025 at 1:31 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने शनिवार को बताया कि बांग्लादेशी नागरिक राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के डर से कथित तौर पर अपने देश लौटने का प्रयास कर रहा था. इस दौरान उसे हिरासत में ले लिया गया.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 28 वर्षीय दुर्जय रॉय के रूप में हुई है. युवक को शुक्रवार रात उत्तर बंगाल के कूचबिहार जिले के हल्दीबाड़ी से गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, युवक ने यह भी कबूल किया है कि वह चार साल पहले अवैध रूप से भारत आया था. भारत में रहने के दौरान, उसने कथित तौर पर जाली दस्तावेजों के आधार पर आधार कार्ड और पैन कार्ड बनवा लिया.

अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय निवासियों ने उसे शुक्रवार दोपहर से सिंजरहाट इलाके में घूमते देखा और शक हुआ. सूचना मिलने पर दीवानगंज चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची. जब दुर्जय से पूछताछ की गई, तो उसने स्वीकार किया कि वह बांग्लादेश का रहने वाला है. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और दीवानगंज चौकी ले गई.

पुलिस ने बताया कि युवक बांग्लादेश के सिराजगंज जिले के मरदिया गांव का रहने वाला है. वह करीब चार साल पहले अवैध रूप से भारत में घुस आया था. वह होटलों और चाय बागानों में मजदूरी करता था. उन्होंने कहा, "इस महीने की शुरुआत में जैसे ही बंगाल में मतदाता सूची के संशोधन के लिए एसआईआर प्रक्रिया शुरू हुई, उस पर देश छोड़कर भागने का दबाव बढ़ गया. उसने एक दलाल के जरिये रात में भारत-बांग्लादेश सीमा पार करके बांग्लादेश वापस जाने का फैसला किया. इस तरह वह हल्दीबाड़ी इलाके में पहुंचा."

हालांकि, बांग्लादेश जाते समय उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एक बैंक एटीएम कार्ड और कुछ पैसे बरामद हुए. गिरफ्तारी के बाद बांग्लादेशी युवक ने स्थानीय पत्रकारों से कहा, "मैं लगभग चार साल पहले यहां घूमने आया था. मैं यहां चाय के बागानों और होटलों में काम करता था." हालांकि, उसने अवैध रूप से देश में आने से इनकार किया.

पुलिस ने पाया कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने के बाद से बंगाल के सीमावर्ती जिलों के कई लोगों ने बांग्लादेश भागने की कोशिश की है.

यह भी पढ़ें- SIR: गणना प्रपत्र वितरण में बंगाल फिर हुआ फेल, नहीं बंट सके 22 लाख फॉर्म