ETV Bharat / bharat

केजरीवाल का पीएम मोदी को खुला चैलेंज- अभी चुनाव कराओ, 10 से ज्यादा सीटें आई तो राजनीति छोड़ दूंगा

इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने भाजपा शीर्ष नेतृत्व के साथ कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया. वहीं जेल के दिनों को याद कर भावुक हुए.

कोर्ट के फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल ने मीडिया को किया संबोधित
कोर्ट के फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल ने मीडिया को किया संबोधित (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : February 27, 2026 at 5:10 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली की राजनीति में शुक्रवार को उस वक्त एक बड़ा मोड़ आ गया जब राऊज एवेन्यू कोर्ट ने बहुचर्चित आबकारी नीति (शराब घोटाला) मामले में आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित मनीष सिसोदिया और अन्य सभी 23 आरोपियों को पूरी तरह दोषमुक्त कर दिया. कोर्ट के इस ऐतिहासिक फैसले के कुछ ही घंटों बाद अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का नाम लेकर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि केजरीवाल को हटाने का एक ही तरीका है, उनकी हत्या करा दें. दूसरा आम आदमी पार्टी ने जो विकास कार्य किए उसके हजार गुना अधिक विकास कार्य पीएम करें. साथ ही उन्होंने चैलेंज किया की अभी चुनाव कराएं, अगर 10 से अधिक सीटें आई तो राजनीति छोड़ दूंगा.

भावुक और हमलावर तेवर में नजर आए केजरीवाल ने फैसले को "ईमानदारी की सबसे बड़ी जीत" करार दिया. उन्होंने जांच एजेंसियों और अपने जेल के दिनों के अनुभवों पर विस्तार से बात की. उन्होंने कहा, जज साहब ने बहुत हिम्मत दिखाई. आज का दिन भारत के लोकतंत्र के लिए स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा. मैं विशेष रूप से जज साहब का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने भारी दबाव के बावजूद सच का साथ दिया और हिम्मत दिखाई. कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि पूरा केस केवल अनुमानों और झूठी गवाहियों पर आधारित था." इसके बाद केजरीवाल ने उनका केस लड़ने वाले वकीलों की टीम का धन्यवाद दिया.

दिल से बोझ उतर गया: अरविंद केजरीवाल ने कहा, "मैंने जिंदगी में एक पैसा नहीं कमाया है, मैंने ईमानदारी कमाई है. कोर्ट के ऑर्डर से साबित हो गया कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार है. मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार है, संजय सिंह कट्टर ईमानदार है. आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदारी पार्टी है. कई लोग कहते हैं जेल से आने के बाद केजरीवाल चुप क्यों है? मैं कोई नेता नहीं हूं, मुझे फर्क पड़ता है मुझे जब जेल भेजा जाता है, परिवार पर ताने मारे जाते हैं तो केजरीवाल को फर्क पड़ता है. इसलिए मैंने तय किया कि जब सारे देश के सामने निर्दोष साबित हो जाऊंगा, तब चुप्पी तोडूंगा. आज मेरे दिल से बहुत बड़ा बोझ उतर गया." स्पेशल कोर्ट ने अपने फैसले में केंद्रीय जांच ब्यूरो को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि एजेंसी किसी भी "आपराधिक साजिश" या "पैसे के लेन-देन" का ठोस सबूत पेश करने में विफल रही.

भाजपा और कांग्रेस पर साधा निशाना: उन्होंने सीधे तौर पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए इसे एक राजनीतिक षड्यंत्र बताया. उन्होंने कहा कि दो साल तक हजारों पन्नों की चार्जशीट दाखिल की गई, लेकिन अंत में निकला शून्य. मुझे और मेरे साथियों को जेल में डालकर पार्टी तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन हम टूटे नहीं. हमें 'चोर' और 'भ्रष्ट' साबित करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन आज कोर्ट ने मुहर लगा दी कि हम 'कट्टर ईमानदार' हैं. केजरीवाल जेल गया क्या रॉबर्ट वाड्रा आज तक जेल गया, मनीष सिसोदिया तो जेल गया लेकिन क्या राहुल गांधी जेल गया? संजय सिंह जेल गया तो क्या सोनिया गांधी जेल गईं, कांग्रेस वालों को शर्म आनी चाहिए."

जेल के दिनों को याद कर हुए भावुक: संबोधन के दौरान उन्होंने जेल में बिताए समय और अपने परिवार के संघर्ष का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल दिल्ली की जनता की सेवा करना था, लेकिन उन्हें एक "अपराधी" की तरह रखा गया. उन्होंने अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने मुश्किल समय में न केवल घर बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं का भी मनोबल बढ़ाए रखा.

1 मार्च को 'महारैली': अंत में केजरीवाल ने आगामी राजनीतिक एजेंडा साफ कर दिया. उन्होंने घोषणा की कि 1 मार्च को जंतर-मंतर पर एक विशाल 'रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो' रैली आयोजित की जाएगी. उन्होंने भाजपा सरकार पर दिल्ली में बस मार्शल, मोहल्ला क्लिनिक कर्मचारियों और डेटा एंट्री ऑपरेटरों को नौकरी से निकालने का आरोप लगाया. साथ ही बताया कि 'विक्टिम कार्ड' के बजाय अब वे 'क्लीन चिट' को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाकर जनता के बीच जाएंगे. दिल्ली की सियासत में यह फैसला एक निर्णायक मोड़ साबित होने वाला है.

यह भी पढ़ें-

दिल्ली शराब केस में बरी होने के बाद के. कविता ने कहा, 'मैंने जो कहा वो सच हुआ'

शराब घोटाला केस: कोर्ट से बरी होते ही छलका केजरीवाल का दर्द, कहा- 'पूरा केस फर्जी था'

शराब घोटाला मामले में केजरीवाल-मनीष सिसोदिया बरी, कांग्रेस नेता राजा वारिंग ने फैसले पर उठाए सवाल