दूसरी लड़की से अवैध संबंध, मंदिर ले जाने के बहाने सैनिक ने की पत्नी की हत्या, गिरफ्तार
बीदर पुलिस के मुताबिक सैनिक ने पत्नी पर जानवेला हमला करने के बाद खुद को भी घायल कर लिया और दुर्घटना दिखाने की कोशिश की.

Published : July 1, 2026 at 8:28 PM IST
बीदर (कर्नाटक): बीदर जिले में एक सैनिक अपनी पत्नी को मंदिर के दर्शन के लिए ले गया और फिर उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. मामला बीदर तालुक के होन्निकेरी वन क्षेत्र (Honnikeri Reserve Forest) का है. मृतक बीदर के भालकी तालुक की रहने वाली थी और गृहिणी थी. उसका पति भागवत एक सैनिक है. पुलिस ने आरोपी सैनिक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है.
भागवत का हाल ही में जोधपुर से हैदराबाद के सिकंदराबाद में ट्रांसफर हुआ था. वह दस दिन की छुट्टी पर गांव आया था. पुलिस ने बताया कि आरोपी भागवत 26 जून को अपनी पत्नी को भगवान के दर्शन कराने और उसके घर छोड़ने के बहाने कार में ले गया. वह पत्नी के साथ मैलारा मल्लन्ना और शनिमहात्मा मंदिर के दर्शन करने गया था, और फिर भालकी में जगदीश्वरी मठ के पास पहुंचते ही उसने कार सड़क किनारे खड़ी कर दी. जब आस-पास कोई नहीं था, तो उसने कार के स्पैनर से पत्नी के सिर और गर्दन पर जानलेवा हमला किया. बाद में आरोपी भागवत ने खुद को घायल करके इसे एक्सीडेंट दिखाने की कोशिश की.
पुलिस ने बताया कि बाद में दोनों घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. पत्नी के मरने से पहले दिए गए बयान से हत्या का पता चला. पुलिस ने बताया कि इलाज के दौरान सैनिक की पत्नी ने मंगलवार को आखिरी सांस ली.
पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला के माता-पिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि सैनिक भगवत का किसी दूसरी लड़की से विवाहेतर संबंध (Extra-Marital Affair) था, इसी वजह से उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी. महिला के बयान और माता-पिता की शिकायत के आधार पर धन्नूर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. मृतक संजना के परिवार ने मांग की है कि आरोपी भगवत, हत्या में साथ देने वाली उसकी मां और जिस लड़की के साथ उसके विवाहेतर संबंध था, उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए.
एसपी का बयान
बीदर के पुलिस अधीक्षक (SP) प्रदीप गुंटी ने कहा, "26 जून को शाम करीब 7.30 बजे हमें जानकारी मिली कि एक्सीडेंट तब हुआ जब कपल धन्नूर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में मठ जा रहे थे. ड्यूटी से घर लौट रहे एक होमगार्ड ने उन्हें बचाया और हॉस्पिटल में भर्ती कराया. हालांकि, जब उनका इलाज चल रहा था, तब पत्नी संजना ने बयान दिया था कि उसके पति ने उस पर कार स्पैनर से हमला किया था. पति आर्मी में ट्रेनिंग ऑफिसर के तौर पर काम करता है और पत्नी हाउसवाइफ है. बयान के मुताबिक, जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया था और हम मामले की जांच कर रहे थे. बाद में, उसे बीदर से सोलापुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. संजना की मंगलवार सुबह मौत हो गई. जैसे ही पति को हॉस्पिटल से छुट्टी मिली, हमने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया."
एसपी ने बताया, "पति-पत्नी के बीच कई वजहों से अनबन थी और हमेशा झगड़ा होता रहता था. पति का किसी दूसरी लड़की से अवैध संबंध था. पता चला है कि इस बात पर शुरू से ही झगड़ा होता था. लड़की के माता-पिता ने कहा है कि उसने पहले भी उसकी हत्या करने की कोशिश की थी. लेकिन शिकायत में इसका जिक्र नहीं किया गया है. उन्होंने कई बार परिवार में झगड़े को सुलझाने की कोशिश की है. यह पहली बार है जब वे पुलिस स्टेशन आए हैं और शिकायत दर्ज कराई है."
मोटी होने पर पत्नी की हत्या की
एक अन्य मामले में, एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी क्योंकि वह मोटी थी और बच्चे नहीं हो रहे थे. यह घटना दो दिन पहले धारवाड़ जिले के नवलगुंड तालुक में हुई, लेकिन इसका खुलासा देरी से हुआ. मृतक महिला की उम्र 29 साल थी. पुलिस ने पति बसवराज वड्डेर (32) को गिरफ्तार कर लिया है.
मृतक महिला की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया, "दोनों की शादी 2024 में हुई थी. शादी के एक महीने बाद, उसके पति बसवराज, भाई सिद्धरमेश और माता-पिता ने हमारी बेटी को घर से सोना लाने के लिए परेशान किया. इसके अलावा, उन्होंने उसे यह कहकर मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया कि वह मोटी है, अपने पति से बड़ी है और उसे बच्चे नहीं हो रहे हैं."
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बसवराज का 29 जुलाई को पत्नी से झगड़ा हुआ और बिना किसी वजह के उसका गला घोंटकर हत्या कर दी.
इस मामले में मृतक महिला के पति बसवराज समेत चार लोगों के खिलाफ स्थानीय पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
यह भी पढ़ें- मुस्लिम शादी को निकाहनामा के बिना भी मौखिक साक्ष्य से साबित किया जा सकता है, कोर्ट की टिप्पणी

