ETV Bharat / bharat

देहरादून मर्डर: शहीद कर्नल पिता के नाम पर मिली गैस एजेंसी बनी विवाद का कारण, मां-बेटे में ये भी थी कलह की वजह

देहरादून के गैस एजेंसी मालिक अर्जुन शर्मा हत्याकांड में कुछ सनसनीखेज खुलासे हुए हैं, पुलिस कई लोगों से कर रही पूछताछ

DEHRADUN ARJUN SHARMA MURDER
देहरादून का अर्जुन शर्मा हत्याकांड (Photo courtesy- Dehradun Police)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 12, 2026 at 12:53 PM IST

|

Updated : February 12, 2026 at 3:09 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: बुधवार सुबह तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े दो बदमाशों ने गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी. हालांकि दून पुलिस ने 12 घंटे के अंदर दोनों बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना के पीछे कई राज छिपे हुए हैं.

शहीद पिता के नाम पर मिली गैस एजेंसी ही बनी कलह की वजह: अर्जुन शर्मा के पिता आरसी शर्मा सेना में कर्नल थे. वो सेना में तैनाती के दौरान शहीद हो गए थे. उस समय कर्नल आरसी शर्मा मेरठ छावनी में तैनात थे. इसके बाद केंद्र सरकार ने अर्जुन शर्मा की माता बीना शर्मा को आजीविका चलाने के लिए गैस एजेंसी दी थी. बलिदानी पिता के नाम पर मिली गैस एजेंसी से परिवार की आजीविका आगे बढ़ी. अर्जुन के साथी राजीव यादव ने बताया कि यही संपत्ति बाद में परिवार में कलह का कारण बन गई. मां और बेटे के बीच दूरियां बढ़ गईं और मामला थाने से लेकर कोर्ट कचहरी तक पहुंच गया.

ये बताया जा रहा है विवाद का कारण: राजीव के अनुसार अर्जुन शर्मा की माता बीना शर्मा ने गैस एजेंसी पर 4 करोड़ रुपए बैंक ऑफ बड़ौदा से लोन लिया था. इसमें अर्जुन शर्मा गवाह और गारंटर थे. साथ ही परिचितों से करोड़ों रुपए के लोन का लेनदेन भी हो रखा था. अर्जुन की मां बीना शर्मा के प्रॉपर्टी कारोबारी विनोद उनियाल और उनकी पत्नी संगीता उनियाल से अच्छे संबंध बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि अर्जुन की मां ने इन्हें बड़ी रकम दी थी. जिसे लेकर अर्जुन और उनकी मां के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था.

दोनों ओर से दर्ज कराए गए थे मुकदमे: साल 2024 में बीना शर्मा ने बेटे अर्जुन के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था. 2025 में अर्जुन शर्मा ने अपनी मां, विनोद उनियाल और संगीता उनियाल के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था. उसके बाद बीना शर्मा ने हाईकोर्ट से सुरक्षा आदेश भी प्राप्त किया था. थाना बसंत विहार से एक महिला कांस्टेबल उनकी सुरक्षा में तैनात की गई थी.

रुपयों के लेनदेन को लेकर भी विवाद: पुलिस के अनुसार अर्जुन शर्मा का मुख्य विवाद विनोद उनियाल के साथ रुपयों के लेनदेन को लेकर चल रहा था. साथ ही बीना शर्मा ने अपनी जीएमएस रोड स्थित बेसकीमती संपत्ति डॉक्टर अजय खन्ना को बेच दी थी. इस सौदे के खिलाफ अर्जुन शर्मा और डॉक्टर खन्ना के बीच सिविल कोर्ट में कानूनी जंग चल रही थी.

पुलिस इनसे कर रही है पूछताछ: अर्जुन शर्मा के परिवार में पत्नी के अलावा साढ़े चार साल का बेटा और ढाई साल की एक बेटी है. देहरादून के एसएसपी अजय सिंह का कहना है कि-

घटना को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस द्वारा दोनों बदमाशों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा द्वारा दी गई शिकायत में विनोद उनियाल, संगीत उनियाल और डॉ अजय खन्ना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस इनसे भी पूछताछ कर रही है.
-अजय सिंह, एसएसपी, देहरादून-

ये भी पढ़ें:

Last Updated : February 12, 2026 at 3:09 PM IST