फ्रिज से ठंडा पानी लाने में हुई देरी पर बेटे ने की मां की हत्या, जानिए क्या है पूरी घटना
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में फ्रिज से पानी लाने में हुई थोड़ी सी देरी पर बेटे ने अपनी ही मां पर जानलेवा हमला कर दिया.


Published : June 22, 2026 at 2:43 PM IST
पिथापुरम (आंध्र प्रदेश): काकीनाडा जिले के पिथापुरम मंडल के चित्रदा में एक कलयुगी बेटे ने फ्रिज से ठंडा पानी लाने में देरी होने पर अपनी मां पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुई मां की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
मामूली देरी पर हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चित्रदा ईबीसी कॉलोनी की रहने वाली पेटा नागामणि (45) ने 9 जून की दोपहर अपने बेटे राजाबाबू को खाना परोसा था. भोजन करने के दौरान राजाबाबू ने अपनी मां से फ्रिज से ठंडा पानी लाकर देने को कहा. नागामणि को फ्रिज से पानी निकालने और लाने में देरी हो रही थी. इतने में राजाबाबू गुस्से से तमतमाते हुए खुद पानी लेने के लिए गया. इसी क्रम में वह घर के दरवाजे की चौखट से टकरा गया, जिससे उसे हल्की चोट लग गई.
पूजा घर में जानलेवा हमला
चौखट से टकराकर चोटिल होने के बाद राजाबाबू अपना आपा खो बैठा. इसी बीच उसकी मां पानी लेकर उसके पास पहुंची. बेटे ने पानी हाथ में लेते ही अपनी मां को दबोच लिया और उनका सिर पास ही बने पूजा घर के लकड़ी के चबूतरे पर पूरी ताकत से दे मारा. हमला इतना जोरदार था कि नागामणि वहीं फर्श पर गिर पड़ीं. उनके सिर से खून बहने लगा.
अस्पताल में तोड़ा दम
वारदात के कुछ ही देर बाद नागामणि के पति त्रिमुर्थुलु और अन्य रिश्तेदार घर पहुंचे. उन्होंने खून से लथपथ नागामणि को तुरंत काकीनाडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. गंभीर रूप से घायल नागामणि का पिछले कई दिनों से अस्पताल में इलाज चल रहा था. डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार 21 जून की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया.
इसे भी पढ़ेंः

