ETV Bharat / bharat

आंध्र प्रदेश में ट्रक से टकराई बस, लगी भीषण आग, 14 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में आज सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ. ट्रक और बस की भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई.

Andhra Pradesh Private Travels Bus Burns
हादसे में दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : March 26, 2026 at 8:31 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

मार्कपुरम: आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार सुबह भीषण हादसा हुआ. इस हादसे में जलकर 14 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि 15 अन्य घायल हो गए. एक ट्रक से टकराने के बाद बस में आग लग गई. हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है. कई लोगों को घायल होने की खबर है. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

यह हादसा रायवरम के पास सुबह करीब 6:30 बजे हुआ, जब बस जगतियाल से कलिगिरी जा रही थी. स्लैब खदानों के पास बजरी से लदे एक ट्रक से इस निजी बस की टक्कर हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक ट्रक बेलगाम चलाया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ और दोनों वाहनों में आग लग गई.

हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए. यह हादसा रायवरम के पास सुबह करीब 6:30 बजे हुआ. हादसे के समय बस में 30 यात्री सवार थे. माना जा रहा है कि बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्रियों की मौत इसलिए हो गई, क्योंकि वे बाहर नहीं निकल पाए. मरने वाले संभवतः कनिगिरी इलाके के रहने वाले थे.

हादसे में दोनों वाहन पूरी तरह से जलकर खाक हो गए. पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया. घायलों को मरकापुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं. मरकापुरम के विधायक कंदुला नारायण रेड्डी ने घटनास्थल का जायजा लिया.

पीटीआई के अनुसार मार्कपुरम के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) नागराजू ने बताया, 'अब तक करीब 18 घायल लोगों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया है. घटना की पूरी जानकारी जुटाने के प्रयास जारी हैं.' उन्होंने बताया कि बचाव दल पीड़ितों की पहचान करने और उनके परिजनों की जानकारी जुटाने का काम कर रहे हैं. सत्यापन पूरा होने के बाद परिजनों को सूचित किया जाएगा. नागराजू ने कहा कि माना जा रहा है कि कुछ शव अभी भी बस के अंदर फंसे हुए हैं. हादसे के बाद बस में आग लग जाने के कारण शवों को बाहर निकालने का काम मुश्किल हो गया.

इस बीच, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा दुख और हैरानी जताते हुए जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं.

मारे गए लोगों के परिवारों के लिए 2 लाख रुपये और राज्य ने 5 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया. उन्होंने इस घटना को बहुत दुखद बताया. प्लेटफॉर्म एक्स पर मोदी ने दुखी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना जताई. उन्होंने घायलों और अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों के जल्दी ठीक होने की भी प्रार्थना की. प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये मुआवजे की घोषणा की.

वहीं आंध्र प्रदेश कैबिनेट मीटिंग में मार्कपुरम जिले में हुए बस हादसे पर चर्चा हुई. कैबिनेट ने मृतकों के प्रति संवेदना जताई और पीड़ितों के परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई. मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे में मरने वालों के परिवारों को 5 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया. मंत्रियों और अधिकारियों को पीड़ितों को दिए जा रहे मेडिकल इलाज पर नज़र रखने की सलाह दी गई.

ये भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश के चित्तूर में भीषण हादसे में 5 भक्तों की मौत, सभी बेंगलुरु के रहने वाले