अमृतसर पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े तस्कर गिरोह का किया भंडाफोड़, हथियार और ड्रग्स के साथ पांच गिरफ्तार
खुफिया सूचना के आधार पर अमृतसर पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े एक तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है.

Published : November 16, 2025 at 8:03 PM IST
अमृतसर (पंजाब): अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पंजाब में सक्रिय सीमा पार हथियार और ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े एक तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से 6 आधुनिक पिस्तौल, पांच .30 बोर पिस्तौल और एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल, 1 किलो 10 ग्राम हेरोइन जब्त की गई है.
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से पाकिस्तान में बैठे ड्रग तस्करों के इशारे पर काम कर रहा था. शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे. यह खेप पाकिस्तान द्वारा ड्रोन के जरिए गिराई गई थी और यहां बैठे आरोपियों द्वारा अलग-अलग जगहों पर पहुंचाई गई थी.
पुलिस का ज्वाइंट अभियान
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पाकिस्तान में बैठे तस्करों द्वारा इन्हें यह काम सौंपा जाता था. बाद में इसे गैंगस्टर या आतंकवादी मॉड्यूल को सप्लाई किया जाता था. भुल्लर ने कहा कि पुलिस टीम द्वारा एक संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें नाकाबंदी के दौरान सीआईए इंस्पेक्टर मौलवदीप और उनकी टीम ने आकाश और प्रिंस नाम के 2 लोगों को पकड़ा. दोनों के पास से एक-एक पिस्तौल बरामद हुई.
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद करमवीर और सुखविंदर के पास से 3 पिस्तौल और 1 किलो 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई. इनसे पूछताछ के बाद एक और आरोपी को पकड़ा गया. ये सभी आरोपी सीमा से सटे गांवों के हैं और गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 18 से 31 साल के बीच है.
सही समय पर पुलिस ने धरा
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने आगे बताया, "आकाश और प्रिंस अमृतसर के रहने वाले हैं. वहीं, करमवीर अजनाला रोड बाईपास का रहने वाला है, सुखविंदर भी लोपोके का रहने वाला है, और गुरभेज भेजा तरनतारन के एक गांव का निवासी है. गिरफ्तार आरोपियों को अभी यह सामान पहुंचाने का ऑर्डर नहीं मिला था. गिरफ्तार आरोपी अभी सारा सामान लेकर आ रहे थे, लेकिन हमारी सीआई स्टाफ टीम की सूझबूझ से उन्हें समय रहते पकड़ लिया गया."
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का काम इन खेपों को जमीनी स्तर पर प्राप्त करना और फिर उन्हें पंजाब के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाना था. यह नेटवर्क बेहद संगठित है और सीमा पार लगातार सक्रिय है. पुलिस ने छेहरटा और कैंटोनमेंट पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज की हैं. उनकी जांच के आधार पर अब पूरे नेटवर्क को निशाना बनाया जा रहा है.
पुलिस टीमें पाकिस्तान में बैठे मास्टरमाइंड और पंजाब में उनके स्थानीय साथियों की पहचान कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि यह नेटवर्क कई जिलों में फैला हुआ है और आगे और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है. पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि पाकिस्तान से राज्य में हथियारों और नशीले पदार्थों की बढ़ती तस्करी बेहद चिंताजनक है, लेकिन पंजाब पुलिस ऐसे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है.
पुलिस के अनुसार पिछले कुछ महीनों में ऐसे कई मामलों में बड़ी मात्रा में हेरोइन और हथियार बरामद हुए हैं, जिससे पता चलता है कि अंतरराष्ट्रीय तस्कर लगातार पंजाब को निशाना बना रहे हैं.
यह भी पढ़ें- 9 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में SIR को लेकर रणनीति की समीक्षा करेगी कांग्रेस

