ETV Bharat / bharat

करनाल से अमित शाह की हुंकार, बोले- 'कांग्रेस घुसपैठियों के लिए शोर मचाती है, हम इन्हें चुन-चुन कर देश से बाहर निकालेंगे.'

Amit Shah Haryana Visit: गृहमंत्री अमित शाह करनाल में 'लोकतंत्र बचाओ' पदयात्रा में शामिल हुए. इसके बाद वो अंबाला में शहीद स्मारक का लोकार्पण करेंगे.

Amit Shah Haryana Visit Updates
Amit Shah Haryana Visit Updates (Amit Shah)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : November 5, 2026 at 11:00 AM IST

12 Min Read
Choose ETV Bharat

करनाल: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने करनाल में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली में हिस्सा लिया. ये यात्रा करनाल के सेक्टर-12 से महात्मा गांधी चौक (कर्ण कैनाल) तक आयोजित की गई. यात्रा के बाद अमित शाह ने जनसभा को संबोधित किया. भारत माता की जयकारे के साथ अमित शाह ने भाषण की शुरुआत की. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आपके जयकारों की आवाज राहुल गांधी तक जानी चाहिए. इसके बाद उन्होंने जय श्री राम के नारे लगाए और भाषण की शुरुआत की.

करनाल से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की हुंकार: इस दौरान उन्होंने कहा कि "आज हमारी भाजपा द्वारा आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली का आखिरी दिन है. 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक, यह रैली पूरे देश में पार्टी मुख्यालयों पर आयोजित की गई. हर जगह, हमने एक जैसा उत्साह और भारी भीड़ देखी है. देश भर की सड़कों पर हमारे नेता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए जनता का जबरदस्त समर्थन देखने को मिला है."

राहुल गांधी भीड़ जुटाकर अराजकता फैलाते हैं- अमित शाह: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा "मैं बताना चाहता हूं कि हमें यह रैली क्यों करनी पड़ रही है. देश की जनता ने लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना है. इसके बाद, राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी को बार-बार हार का सामना करना पड़ा है. लोकतंत्र में, संसद चर्चा के लिए सबसे बड़ा मंच है, लेकिन राहुल गांधी, आप ना तो संसद को चलने देते हैं और ना ही अहम मुद्दों पर चर्चा करते हैं. आपने संसद के अंदर हंगामा करना और बहिष्कार करना कांग्रेस पार्टी की संस्कृति ही बना दी है. आप संसद को काम नहीं करने देते, बल्कि सड़कों पर भीड़ जुटाकर अराजकता फैलाते हैं, एक अराजकतावादी की तरह बर्ताव करते हैं. राहुल गांधी, मैं आपको बता दूं कि हम भी सड़कों पर उतरने से अनजान नहीं हैं. भारतीय जनता पार्टी आपको हर जगह जवाब देगी. संसद में, विधानसभाओं में, हमारे गांवों में, हमारे खेतों में और सड़कों पर भी और अगर आप भीड़ जुटाने पर अड़े रहे, तो बीजेपी के कार्यकर्ता आपको करारा जवाब देने के लिए वहां मौजूद रहेंगे."

अमित शाह ने राहुल गांधी को दी सलाह: 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा "देश भर के 600 जिलों में आयोजित यह 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली राहुल गांधी को एक कड़ा जवाब है. मैं साफ तौर पर कह देना चाहता हूं कि राहुल गांधी का सड़कों पर उतरना आपके लिए ठीक नहीं होगा. मेरी सलाह अभी भी यही है कि आप संसद में चर्चा करें. वे हवा में संविधान लहराते हैं. संसद ही वह जगह है जहां संवैधानिक कर्तव्यों का पालन किया जाना चाहिए. आप संसद का अपमान करते हैं, स्पीकर का अपमान करते हैं, अदालतों का अपमान करते हैं और फिर भी, आप लोकतंत्र की बात करते हैं."

रेफरी को चीटर कह दो, जीत पक्की- अमित शाह: राहुल गांधी पर तंज कसते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि रेफरी को ही 'चीटर' (धोखेबाज़) कह दो, तो हमारी जीत पक्की हो जाएगी. उन्होंने कहा "जब हम बच्चे थे, तब हम कबड्डी खेला करते थे. सातवीं कक्षा की हमारी टीम हमेशा चैंपियन बनती थी. लगातार हारने के बाद, नौवीं कक्षा की टीम ने एक बैठक की. उन्हें लगा कि सातवीं कक्षा की टीम, जो उनसे उम्र में छोटी थी, लगातार जीत रही है, जिससे उनकी अहम को ठेस पहुंची. इसलिए, उन्होंने तय किया कि सबसे अच्छी रणनीति यही होगी कि रेफरी को ही 'चीटर' करार दे दिया जाए. इस तरह, उनकी अपनी जीत पक्की हो जाएगी. लगता है राहुल गांधी ने शायद उन छात्रों की बात सुन ली होगी."

'जिम्मेदार चर्चा चाहते हैं, तो संसद में आए राहुल गांधी': अमित शाह ने कहा, "अगर आप (राहुल गांधी) कोई जिम्मेदार चर्चा करना चाहते हैं. अगर आपकी चिंताओं में सच्चाई, दम और तर्क है. तो आइए और संसद के अंदर इस पर चर्चा कीजिए. आइए, आमने-सामने बात करते हैं! लेकिन आप जवाबों का सामना नहीं कर पाएंगे; हमेशा की तरह, आप बस भाग जाएंगे."

'हार का ठीकरा चुनाव आयोग और 'SIR' पर फोड़ रहे राहुल गांधी': 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा "2024 के आम चुनावों के बाद, देश भर में हुए चुनावों में यहां की जनता ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को लगातार हराया है. इनमें से पहला चुनाव कहां हुआ था? हमारे अपने हरियाणा में. क्या आपको वोटों की गिनती का दिन याद है? हुड्डा साहब और कांग्रेस के लोग नए कपड़े पहनकर अपने दफ्तर पहुंचे थे और अपने साथ पेड़े, बर्फी और जलेबी जैसी मिठाइयां भी लाए थे, लेकिन गिनती के पांचवें राउंड तक, कांग्रेस पूरी तरह से साफ हो गई थी. हरियाणा के बाद महाराष्ट्र में चुनाव हुए. वहां भी वे पूरी तरह से साफ हो गए. बिहार में बीजेपी जीती. दिल्ली में तीन दशक बाद बीजेपी की जीत हुई. असम में हम जीते. पश्चिम बंगाल में ममता दीदी पूरी तरह से साफ हो गईं, और पुडुचेरी में भी बीजेपी की सरकार बनी. राहुल बाबा इससे बौखला गए हैं. इसलिए वे अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ते हैं. वे इसका दोष 'SIR' पर मढ़ते हैं. राहुल बाबा, मुझे बताइए, 2014 में 'SIR' कहां था? तब भी तो आप पूरी तरह से साफ हो गए थे."

'राहुल पत्र लिखकर दें, हम संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार'- अमित शाह: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "आज, इस मंच से, मैं राहुल गांधी को एक चुनौती देना चाहता हूं. आप नरेंद्र मोदी जी को बहस की चुनौती देते हैं, तो राहुल जी, इसके लिए मोदी जी के खुद आने की ज़रूरत नहीं है. अगर आप बहस करना चाहते हैं, तो बस उन्हें एक पत्र लिख दें. हम इस चर्चा के लिए संसद का एक विशेष सत्र बुलाने को तैयार हैं. हम बहस करेंगे. वहां हर विषय पर चर्चा होगी. झूठ फैलाना बंद करें."

'हम घुसपैठियों को देश से चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे': 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "राहुल जी, आप इन घुसपैठियों के लिए जितना चाहें उतना छाती पीट लें. मैं स्पष्ट और दृढ़ शब्दों में कह देता हूं. यह भाजपा का पक्का संकल्प है. हम इन घुसपैठियों की पहचान करेंगे, उन्हें मतदाता सूची से हटाएंगे, और फिर व्यवस्थित तरीके से उन्हें खोजकर देश से बाहर निकाल देंगे."

अमित शाह का भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना: हरियाणा के पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि "हुड्डा साहब आप बाद में छातियां पीटते हैं. चुनाव के वक्त आपके बीएलओ कहां थे? इनके बीएलओ हुड्डा बनाम सैलजा कुश्ती में व्यस्त थे. मतदाता सूची में कुछ परिवार ऐसे थे. जिसमें 10 साल की शादी में 12 बच्चे मिले. ऐसे भी लोग हैं कि बेटा बाप से बड़ा है. 600 गज के घर में 132 लोग रहते हैं. ऐसा हो सकता है क्या? इसे सुधारने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है. कांग्रेस के ढिंढोरा पीटने से बीजेपी का संकल्प ढीला पड़ने वाला नहीं. हमारी हर रैली हजारों लोगों की होती है. आपने दिल्ली में रैली की वो मैदान खाली था. इन्होंने रैली का दिन एक नवंबर को चुना. एक नववंबर को इन्होंने सिख दंगे करवाए. हजारों सिखों का नरसरहांर हुआ."

अमित शाह ने याद दिलाई कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की गारंटी: अमित शाह ने कहा कि "मैं कांग्रेस पार्टी को उनकी गारंटी याद करना चाहता हूं. हिमाचल, तेलंगाना में इनकी सरकार है. राहुल कहते थे कि खटाखट और फटाफट. हिमाचल में दस में एक भी गारंटी पूरी नहीं की. हरियाणा के चुनाव में पीएम मोदी ने गारंटी दी थी. हरियाणा के सीएम ने सभी को पूरा कर दिया. मैं पंजाब सरकार और भगवंत मान को भी कहने आया हूं कि सरकार कैसे चलानी है. हरियाणा से सीखें. हरियाणा 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रहा है.

अमित शाह ने पेश किया राहुल गांधी का रिपोर्ट कार्ड: गृहमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया. उन्होंने कहा "2007 में राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के महासिचव बने, तब उनकी पार्टी के 1200 विधायक थे. जब वो उपाध्यक्ष बनें, तो 900 विधायक हो गए. जब वो अध्यक्ष बनें, तो 700 विधायक हो गए और 2022 में भारत जोड़ो यात्रा निकाली, तो 600 हो गए. जब से राहुल गांधी आए हैं. कांग्रेस पार्टी के विधायक लागातार कम हो रहे हैं. वहीं जब से मोदी आए हैं. बीजेपी के सांदस और विधायक बढ़ रहे हैं और आप फिर ईवीएम पर ठीकरा फोड़ते हो. ईवीएम से केरल में सरकार बनी, आपने शपथ ले ली. तेलंगाना, हिमाचल में ईवीएम से सरकार बनी. आपने शपथ ले ली. अगर ईवीएम खराब थी तो शपथ क्यों ली? ये जहां जीत जाते हैं वहां सब ठीक. जहां हार जाते हैं. वहां ईवीएम खराब हो जाती है. सच ये है कि राहुल गांधी को देश की जनता स्वीकार नहीं करती." अमित शाह ने राहुल गांधी के विदेश दौरों का भी हिसाब मांगा.

'कांग्रेस पार्टी और उनके सहयोगी राष्ट्र विरोधी तत्वों का इस्तेमाल करते हैं': वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली को संबोधित करते हुए कहा कि "विपक्ष के नेता कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगी, राष्ट्र-विरोधी तत्वों का इस्तेमाल मोहरे के तौर पर कर रहे हैं. वे इन लोगों को उकसाते और गुमराह करते हैं, और असल में इन्हीं के कंधों पर बंदूक रखकर चलाते हैं. वे विदेशी ताकतों को इन तत्वों को भड़काने का मौका दे रहे हैं. विदेशी फंडिंग से चलने वाले कुछ संगठन देश में अराजकता का माहौल बना रहे हैं और 'जंगल राज' जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. मैं इस देश के लोगों को जानता हूं, और मैं हरियाणा के लोगों को भी जानता हूं. उनके दिलों में लोकतंत्र और हमारे संविधान में निहित मूल्यों के लिए गहरा सम्मान और प्रेम है. विदेशी ताकतों, कांग्रेस और उनके सहयोगियों की चाहे कितनी भी कोशिशें क्यों न हों, वे कभी सफल नहीं होंगे."

हरियाणा के सीएम का कांग्रेस पर निशाना: इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरियाणा आ चुके हैं. लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत एक आम नागरिक का वोट है. ऐसा व्यक्ति जिसके पास शायद धन, प्रभाव या किसी बड़े परिवार का साथ न हो. फिर भी, जब वह व्यक्ति मतदान केंद्र पर खड़ा होता है, तो उसके पास उतना ही अधिकार होता है जितना कि देश के सबसे शक्तिशाली व्यक्ति के पास. वह एक वोट एक किसान की मेहनत, एक मजदूर की आकांक्षाओं, हमारे युवाओं के भविष्य और हमारी माताओं-बहनों की उम्मीदों को दर्शाता है. चुनाव आयोग अभी मतदाता सूची में संशोधन कर रहा है. यह एक ऐसी प्रक्रिया है जो समय-समय पर होती रहती है. कांग्रेस पार्टी ने झूठ का एक जाल बुना है और इन्हीं झूठों के आधार पर पूरे देश में भ्रामक प्रचार फैलाने की कोशिश की है."

केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे से पहले कई नेता डिटेन: करनाल के इस कार्यक्रम में उनके साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और हरियाणा भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी भी शामिल रहे. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करनाल दौरे से पहले देर रात पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए 22 लोगों को हिरासत में लिया. इन लोगों ने यूजीसी के विरोध में गृह मंत्री के कार्यक्रम के दौरान वॉट्सऐप के जरिए काले झंडे दिखाने का ऐलान किया था. ​पुलिस सतर्कता बरतते हुए उनको डेटन करके उन्हें थाने ले आई. हिरासत में लिए गए लोगों में ब्राह्मण सभा के प्रधान सुरेंद्र बडौत भी शामिल थे, जो लंबे समय से यूजीसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- रोहतक में बीजेपी अध्यक्ष ने की पैदल मार्च की शुरुआत, बोले- 'राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करते हैं'