जम्मू-कश्मीर में काउंटर टेरर ऑपरेशन मिशन मोड में जारी रहने चाहिए: अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति पर उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की. जिसमें उपराज्याल मनोज सिन्हा भी शामिल हुए.

Published : January 8, 2026 at 10:51 PM IST
नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को सभी सुरक्षा एजेंसियों से जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी ढांचे और टेरर फाइनेंसिंग को निशाना बनाने के लिए काउंटर टेरर (CT) ऑपरेशन मिशन मोड में जारी रखने को कहा.
गृह मंत्री शाह ने गुरुवार शाम नई दिल्ली में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और अन्य एजेंसियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ जम्मू-कश्मीर पर सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों की कोशिशों की तारीफ करते हुए शाह ने कहा कि आतंकवादी ढांचे और टेरर फाइनेंसिंग को मिशन मोड में लक्षित करने वाले काउंटर टेरर (CT) ऑपरेशन जारी रहने चाहिए.
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार जम्मू-कश्मीर में स्थायी शांति स्थापित करने और आतंकवाद को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है. मोदी सरकार के निरंतर और समन्वित प्रयासों के कारण जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी पारिस्थितिकी तंत्र पंगु हो गया है."
बैठक में जम्मू-कश्मीर के उपराज्याल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह सचिव, आईबी डायरेक्टर, जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव और डीजीपी, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रमुख और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.
शाह ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने और मिलकर काम करते रहने का निर्देश दिया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि अनुच्छेद 370 हटाने के बाद जो फायदे हुए हैं, वे बने रहें और जल्द से जल्द आतंक मुक्त जम्मू-कश्मीर का लक्ष्य हासिल किया जा सके. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस काम के लिए सभी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने चुनावी राज्यों में अनुभवी नेताओं को उतारा, जानिए पार्टी की रणनीति

