ETV Bharat / bharat

अंबाला में आज इतिहास के पन्नों को मिलेगी नई पहचान, अमित शाह आज करेंगे 800 करोड़ के शहीदी स्मारक का उद्घाटन

Amit Shah Ambala: अमित शाह आज अंबाला में 800 करोड़ के शहीदी स्मारक का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद गांधी ग्राउंड में रैली में शामिल होंगे.

Amit Shah Ambala
अमित शाह (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : November 5, 2026 at 11:44 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अंबाला: साल 1857 की क्रांति के वीर शहीदों की याद में तैयार भव्य शहीदी स्मारक आज देश को समर्पित किया जाएगा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्मारक का उद्घाटन करने के साथ अंबाला कैंट के गांधी ग्राउंड में विशाल रैली को भी संबोधित करेंगे. गृह मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है.

22 एकड़ में तैयार हुआ शहीदों की यादों का केंद्र: करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से 22 एकड़ में बनकर तैयार हुआ शहीदी स्मारक स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा. स्मारक में 1857 की क्रांति और उसमें अंबाला के योगदान को प्रमुखता से दर्शाया गया है. उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी करने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं.

अमित शाह करेंगे 800 करोड़ के शहीदी स्मारक का उद्घाटन (ETV Bharat)

स्मारक उद्घाटन के बाद गांधी ग्राउंड में रैली: शहीदी स्मारक का उद्घाटन करने के बाद अमित शाह अंबाला कैंट स्थित गांधी ग्राउंड पहुंचेंगे. यहां दोपहर करीब 2 बजे विशाल रैली को संबोधित करेंगे. रैली स्थल पर मंच, पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम: गृह मंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है. पुलिस की टीमें लगातार कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं. एसपी अंबाला अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि, "गृह मंत्री की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं. गृह मंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और हर व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है. कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस ने रूट डायवर्जन की व्यवस्था की है. प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. मेरी लोगों से अपील है कि वे निर्धारित ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके."

ये भी पढ़ें:अंबाला का शहीद स्मारक कैसा दिखता है, अमित शाह के उद्घाटन से पहले देखिए शानदार झलक