ETV Bharat / bharat

जम्मू : सोते समय अमरनाथ तीर्थयात्री को सांप ने काटा, मौत, यूपी का रहने वाला था

अमरनाथ यात्रा के लिए यूपी के कानपुर से आए एक व्यक्ति की सांप के काट लेने से मौत हो गई. मोहम्मद अशरफ गनाई की रिपोर्ट.

Devotees going to have darshan of Baba Barfani.
बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जाते श्रद्धालु. (ANI)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : July 5, 2026 at 10:39 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जम्मू: बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए इन दिनों अमरनाथ यात्रा जोरों से चल रही है. इसी क्रम में एक तीर्थयात्री के बेस कैंप के पास सोते समय सांप के काट लेने से मौत हो गई.

इस बारे में एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के एक तीर्थयात्री की सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल जम्मू में मौत हो गई. उसे भगवती नगर यात्री निवास के पास सोते समय उसे सांप ने काट लिया था. अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान अमित कुमार (42) पुत्र गया प्रसाद के रूप में हुई है, जो राम कृष्ण नगर, कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था.

तीर्थयात्री अमित कुमार को शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे एक सांप ने काट लिया. उनके साथ आए साथी तीर्थयात्रियों ने बताया कि वह जम्मू के भगवती नगर में मुख्य यात्री निवास के पास फुटपाथ पर सो रहे थे, तभी सांप ने उन्हें काट लिया. इसके बाद उन्हें तुरंत इमरजेंसी इलाज के लिए जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया.

हालांकि, इलाज कर रहे डॉक्टरों की पूरी कोशिशों के बावजूद उनकी हालत बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. स्वास्थ्य अधिकारियों ने ईटीवी भारत को बताया कि मृतक के साथ उनके दोस्त राजेश शुक्ला भी थे, जो अन्य साथी तीर्थयात्रियों के साथ अस्पताल में उनके साथ रहे.

शव को पोस्टमार्टम और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए जीएमसीएच जम्मू के शवगृह में भेज दिया गया है. जीएमसीएच जम्मू के मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने ईटीवी भारत को मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि सुबह हमें सांप के काटने के मरीज का मामला मिला और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. उन्होंने आगे कहा कि सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रविवार शाम करीब 5 बजे शव उनके साथ आए तीर्थयात्रियों को सौंप दिया गया.

ये भी पढ़ें- अमरनाथ यात्रा: जम्मू से तीर्थयात्रियों का चौथा जत्था रवाना, श्रद्धालुओं से रजिस्ट्रेशन कराने की अपील