ओडिशा प्लेन क्रैश मामला : DGCA की टीम घटनास्थल पर पहुंची, दो यात्रियों को एयरलिफ्ट करके मुंबई लाया गया
ओडिशा में प्लेन की क्रैश लैंडिंग में घायल दो यात्रियों को एयरलिफ्ट कर मुंबई ले जाया गया है. वहीं डीजीसीए ने जांच शुरू कर दी.

Published : January 11, 2026 at 3:10 PM IST
भुवनेश्वर/राउरकेला: नागरिक उड्डयन निदेशालय (DGCA) की टीम राउरकेला विमान दुर्घटना की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई है. दुर्घटना कैसे हुई? आपातकालीन लैंडिंग क्यों की गई? इसको लेकर जांच जारी है. इस बीच, परिवहन सचिव उषा पाढ़ी ने वरिष्ठ अधिकारियों से विचार-विमर्श किया. बातचीत कर रही हैं.
इसके अलावा एअरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीम दुर्घटनास्थल जाकर आगे की जांच करेगा और हादसे की वजह पता करेगा. इस बीच दो घायलों को आगे के इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर मुंबई ले जाया गया है.
राज्य की दो सदस्यीय मेडिकल टीम राउरकेला पहुंची
दूसरी ओर, राज्य सरकार की दो सदस्यीय चिकित्सा टीम राउरकेला पहुंच चुकी है. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घायलों को हर संभव सहायता प्रदान करने के आदेश दिए हैं. वहीं परिवहन सचिव उषा पाढ़ी ने कहा, "दो घायलों को मुंबई एयरलिफ्ट किया गया है. उन्होंने स्वेच्छा से एयरलिफ्ट कराया है. जबकि दो पायलटों और दो अन्य यात्रियों का जेपी अस्पताल में इलाज चल रहा है. इसमें एक यात्री की हालत गंभीर है और बाकी तीन स्वस्थ हैं. राज्य सरकार हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है."
सीनियर डॉक्टरों को राउरकेला ले जाने हेलीकॉप्टर तैनात
सरकार ने अपने एक बयान में कहा है कि जांच टीम और सीनियर डॉक्टरों को राउरकेला ले जाने के लिए एक सरकारी हेलीकॉप्टर तैनात किया गया है. एविएशन डायरेक्टरेट के अधिकारी राउरकेला में कैंप कर रहे हैं और जिला प्रशासन को सभी जरूरी सपोर्ट दे रहे हैं. तत्कालिक हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक सभी यात्री सुरक्षित हैं. इनमें एक यात्री अभी भी लगातार मेडिकल निगरानी में है. भुवनेश्वर से सीनियर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को भी राउरकेला भेजा जा रहा है ताकि वे आगे का इलाज, एक्सपर्ट सुपरविज़न और लगातार मॉनिटरिंग कर सकें.
क्या है मामला
शनिवार को दोपहर 12:27 बजे इंडिया वैन एयर की एक फ्लाइट राउरकेला के लिए रवाना हुई. इसमें दो पायलट - कैप्टन नवीन कडांगा और कैप्टन तरुण श्रीवास्तव के अलावा चार यात्री सुशांत कुमार बिस्वाल, अनीता साहू, सुनील अग्रवाल और सबिता अग्रवाल सवार थे. विमान को दोपहर 1:15 बजे राउरकेला पहुंचना था. लेकिन राउरकेला हवाई पट्टी से कुछ किलोमीटर दूर पायलट को विमान में तकनीकी खराबी महसूस हुई. उन्होंने तुरंत विमानन अधिकारियों को सूचित किया और एक सुरक्षित स्थान पर आपातकालीन लैंडिंग की. हादसे के बाद, पायलट समेत विमान में सवार सभी लोग घायल हो गए और उन्हें राउरकेला जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
ये भी पढ़ें- ओडिशा : एक निजी प्लेन क्रैश, पायलट और को-पायलट समेत छह लोग घायल

