ETV Bharat / bharat

बारिश ने रोकी आदि कैलाश यात्रा, अगले आदेश तक इनर लाइन परमिट स्थगित

उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण पहाड़ों पर परिस्थितियों चुनौतीपूर्ण बनी हुई है. इसी वजह से आदि कैलाश यात्रा भी फिलहाल रोकी गई हैं.

Etv Bharat
आदि कैलाश यात्रा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : July 2, 2026 at 4:25 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: उत्तराखंड के पहाड़ों मे लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी है. यात्रियों और वाहनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आदि कैलाश व ओम पर्वत यात्रा के लिए इनर लाइन परमिट (ILP) का निर्गमन अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है.

जिला प्रशासन पिथौरागढ़ द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मानसून के आगमन के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार वर्षा के कारण भूस्खलन, सड़क अवरोध और अन्य जोखिम बढ़ गए हैं. ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है. प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने और नए आदेश जारी होने तक यात्रा की योजना स्थगित रखें. आदेश में असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया गया है.

जिला प्रशासन के अनुसार 1 जुलाई 2026 तक जारी किए गए पास की संख्या 103 रही, जबकि वर्ष 2026 में अब तक कुल 52,441 इनर लाइन परमिट जारी किए जा चुके हैं. लगातार बारिश के चलते कुमाऊं के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

बता दें कि उत्तराखंड में मौसम विभाग ने पहले ही एक जुलाई से लेकर चार जुलाई तक भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. भारी बारिश का असर पहाड़ी जिलों में दिख भी रहा हैं. रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश के कारण गौरीकुंड में पैदल मार्ग पर भी मलबा आ गया था, जिसकी चपेट में एक दुकान भी आ गई थी. राहत की बात ये रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई.

इस तरह ऋषिकेश-केदारनाथ हाईवे पर भी जगह-जगह पत्थर गिर रहे है. कुछ जगहों पर लैंडस्लाइड भी हुआ है, जिस वजह से भी यात्रा प्रभावित हुई है. गढ़वाल के साथ-साथ कुमाऊं के भी कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही हैं. इसीलिए प्रशासन ने आदि कैलाश की यात्रा को स्थगित किया है.

पढ़ें---