सुकेश चंद्रशेखर केस में जैकलीन को सरकारी गवाह बनाने की मांग पर ED ने मांगा समय
पटियाला हाउस कोर्ट: एडिशनल सेशंस जज प्रशांत शर्मा ने मामले की अगली सुनवाई 8 मई को करने का आदेश दिया है.

Published : April 20, 2026 at 4:32 PM IST
नई दिल्ली: ईडी ने ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ की मनी लाउंड्रिंग के मामले की आरोपी और अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज की सरकारी गवाह बनने की अनुमति देने की मांग पर जवाब दाखिल करने के लिए पटियाला हाउस कोर्ट से समय देने की मांग की है.
एडिशनल सेशंस जज प्रशांत शर्मा ने मामले की अगली सुनवाई 8 मई को करने का आदेश दिया. ईडी की ओर से पेश वकील ने इस मामले पर जवाब दाखिल करने के लिए समय देने की मांग की। तब कोर्ट ने 8 मई तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया. कोर्ट ने 17 अप्रैल को जैकलीन की इस अर्जी पर ईडी को नोटिस जारी किया था. इस मामले में जैकलीन फर्नांडीज आरोपी हैं.
जैकलीन ने केस को निरस्त करने की रखी थी मांग
जैकलीन फर्नांडीज ने ईडी के केस को निरस्त करने की मांग करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर किया था. दिल्ली हाईकोर्ट ने जैकलीन की याचिका खारिज कर दी थी. सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट के आदेश पर मुहर लगाते हुए जैकलीन की याचिका खारिज की.
इस मामले में जैकलीन फर्नांडीज जमानत पर है. पटियाला हाउस कोर्ट ने 15 नवंबर 2022 को जैकलीन फर्नांडीज को जमानत दी थी. 31 अगस्त 2022 को कोर्ट ने जैकलीन फर्नाडीज के खिलाफ दायर पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था. 17 अगस्त 2022 को ईडी ने पूरक चार्जशीट दाखिल किया था. ईडी ने पूरक चार्जशीट में जैकलीन को आरोपी बनाया था. ईडी अप्रैल 2025 में इस मामले में जैकलीन की सात करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त कर चुका है.
ईडी की चार्जशीट के मुताबिक इस मामले के मुख्य आरोपी सुकेश चंद्रशेखर ने पांच करोड़ 71 लाख रुपए से ज्यादा के गिफ्ट दिए थे. सुकेश अपनी सहयोगी पिंकी ईरानी के जरिए जैकलीन को गिफ्ट पहुंचाने का काम करता था. इन गिफ्टों में 52 लाख रुपए का घोड़ा और 9 लाख रुपए की एक पारसी बिल्ली भी शामिल है.
जैकलीन ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपने खिलाफ दायर एफआईआर को निरस्त करने की मांग की है. ये याचिका हाईकोर्ट में लंबित है. जैकलीन ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा है कि उसके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं. जैकलीन ने कहा है कि सुकेश चंद्रशेखर ने तो उसके साथ फर्जीवाड़ा किया ही साथ ही अदिति सिंह ने भी फर्जीवाड़ा किया. जैकलीन ने कहा है कि उसे सुकेश चंद्रशेखर ने टारगेट किया और उसका मनी लाउंड्रिंग मामले में कोई हाथ नहीं है. जैकलीन ने सुकेश चंद्रशेखर के उस दावे को खारिज किया है कि वो उसके साथ रिलेशनशिप में है.
ये भी पढ़ें- 200 करोड़ की ठगी मामला: सुकेश चंद्रशेखर की पत्नी की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा

