ETV Bharat / bharat

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे की सड़क धंसने पर बड़ा ACTION, प्रोजेक्ट मैनेजर समेत 2 सस्पेंड, कंपनी को नोटिस

NHAI ने कंपनी से तीन दिन में मांगा जवाब, खेड़ा मस्तान गांव के पास धंसी थी सड़क.

Photo Credit; ETV Bharat
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे मामले में बड़ा एक्शन (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 3, 2026 at 2:20 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शामली : दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सड़क धंसने के मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है. NHAI ने टीम लीडर और प्रोजेक्ट मैनेजर को सस्पेंड कर दिया है. वहीं, सीपीसी कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी करके तीन दिन के अंदर अपना जवाब दाखिल करने को कहा गया है.

दरअसल, मामला दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे से जुड़ा है, जहां गुरुवार को मेरठ-करनाल हाईवे पर स्थित खेड़ा मस्तान गांव के पास बारिश की वजह से सड़क बीच से धंस गई थी. इसके बाद वहां से गुजर रही एक यात्री की कार फंसकर क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के बाद पीड़ित ने गड्ढों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था और एक्स हैंडल के माध्यम से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों से भी शिकायत की थी.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया, जिसके बाद NHAI की टीम हरकत में आई और आनन-फानन में एक्सप्रेस-वे पर बने गड्ढों को भरवाया गया. वहीं, अब इस मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए टीम लीडर का काम संभाल रहे कुलदीप राजदान और ठेकेदार के प्रोजेक्ट मैनेजर नागेंद्र पाल सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. इसके साथ ही चैतन्या प्रोजेक्ट्स कंसल्टेंसी (CPC) प्राइवेट लिमिटेड को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. NHAI ने CPC कंपनी से तीन दिन के अंदर जवाब देने को कहा है.

इधर NHAI ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के प्रभावित हिस्से की मरम्मत का काम पूरा कर लिया है, जिसके बाद अब वहां यातायात पूरी तरह सुचारू हो गया है. हालांकि, पानी की निकासी के लिए बनाई गई नाली के मरम्मत का काम अभी चल रहा है. फिलहाल वैकल्पिक तौर पर एक अस्थाई नाली बनाई गई है, ताकि वहां जल भराव की समस्या न हो.


इस मामले में NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सड़क धंसने के मामले में कार्रवाई की गई है. टीम लीडर का काम संभाल रहे कुलदीप राजदान और ठेकेदार के प्रोजेक्ट मैनेजर नागेंद्र पाल सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. वहीं, चैतन्या प्रोजेक्ट्स कंसल्टेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. जल्द और भी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- पहली ही बारिश नहीं झेल पाया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, 14 अप्रैल को PM मोदी ने किया था उद्घाटन