सिख धर्म गुरु के अपमान पर घिरी आप नेता के समर्थन में उतरे AAP के शीर्ष नेता, आतिशी बोलीं- 'मर जाऊंगी पर अपमान नहीं करूंगी'
भाजपा सिख समाज और गुरुओं से नफ़रत करती है.आज भी भाजपा ने गुरुओं का अपमान करते हुए एक घिनौनी हरकत की है.- आतिशी


Published : January 8, 2026 at 10:59 AM IST
|Updated : January 8, 2026 at 11:07 AM IST
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष आतिशी के बयान को लेकर मचे हंगामें और उनकी सदस्यता रद्द किए जाने की मांग के बीच आम आदमी पार्टी ने गुरु तेग बहादुर पर आतिशी के दिए गए बयानों को तोड़ मरोड़ कर पेश करने और गुरु साहब का अपमान करने पर भाजपा तीखा हमला बोला है. आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज, नेता विपक्ष आतिशी, विधायक गोपाल राय, सांसद संजय सिंह से लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा के इस कदम को सीएम रेखा गुप्ता द्वारा सदन में शहीदों का अपमान करने से हो रही फजीहत से बचने का पैंतरा बताया है.
विधानसभा के शीतकालीन सत्र से दूर आतिशी ने कहा कि सिख विरोधी भाजपा ने गुरु तेग बहादुर का नाम गलत तरीके से इस्तेमाल कर गुरु साहब का अपमान किया. पीढ़ियों से मेरे परिवार का बड़ा बेटा सिख धर्म अपनाता आया है.
बीजेपी सिख समाज और गुरुओं से नफ़रत करती है, और आज भी इन्होंने गुरुओं का अपमान करते हुए एक घिनौनी हरकत की है।
— Atishi (@AtishiAAP) January 7, 2026
बीजेपी ने गुरु तेग़ बहादुर जी के नाम को ग़लत तरीक़े से इस्तेमाल किया और गुरु साहब का अपमान किया। उन्होंने एक वीडियो ट्वीट किया जिसमे गुरु साहब के बारे में दो झूठ कहे है:… pic.twitter.com/uTCqOosomf
" मैं जान दे सकती हूं लेकिन गुरु साहब का अपमान नहीं कर सकती. भाजपा का ट्वीट किया गया वीडियो गुरु तेग़ बहादुर की शहीदी के 350 साल की चर्चा समाप्त होने के बाद का है." - नेता प्रतिपक्ष आतिशी
नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा है कि भाजपा सिख समाज और गुरुओं से नफ़रत करती है. आज भी भाजपा ने गुरुओं का अपमान करते हुए एक घिनौनी हरकत की है. भाजपा ने गुरु तेग़ बहादुर जी के नाम को ग़लत तरीक़े से इस्तेमाल किया और गुरु साहब का अपमान किया. उन्होंने एक वीडियो ट्वीट किया, जिसमे गुरु साहब के बारे में दो झूठ कहे है.
आतिशी ने कहा कि पहला झूठ-यह वीडियो गुरु तेग़ बहादुर जी की शहीदी के 350 साल की चर्चा समाप्त होने के बाद का है, जब एलजी के अभिभाषण पर चर्चा शुरू थी. दूसरा झूठ- वीडियो में मैंने भाजपा के प्रदूषण की चर्चा से बचने और उनके विधान सभा में आवारा कुत्तों के मुद्दे पर हुए प्रोटेस्ट के बारे में कहा है “तो आप कराइए ना चर्चा, क्यों सुबह से भाग रहें हैं? कह रहें हैं, कुत्तों का सम्मान करो! कुत्तों का सम्मान करो! अध्यक्ष महोदय इस पर आप चर्चा कराइए. लेकिन भाजपा ने झूठा सब-टाइटल लगा कर गुरु तेग़ बहादुर जी का नाम उसमें डाला. बीजेपी को सिखों से ऐसी क्या नफ़रत कि वो गुरु तेग़ बहादुर जी का नाम झूठे तरीके से घसीट रही हैं?
BJP को गुरुओं का अपमान करने के लिए सिख समाज और देश के लोग कभी माफ नहीं करेंगे।@AtishiAAP के खिलाफ झूठ फैलाने वालों कानूनी कार्यवाही के लिए तैयार रहो।https://t.co/ztnC5O2pK3 pic.twitter.com/wzY4yR89Wc
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) January 8, 2026
सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर साधा निशाना
उधर, पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी एक्स पर ट्वीट कर भाजपा को आड़े हाथ लिया. उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के इतिहास में सबसे घटिया और झूठी पार्टी है. भाजपा “भारतीय झुठ्ठा पार्टी” है. सिखों पर लगातार अत्याचार करने वाली भाजपा ने आज गुरुओं का अपमान करने का दुस्साहस किया है. सिख समाज भाजपाइयों को इस घटिया हरकत के लिए कभी माफ नही करेगा.

आतिशी के समर्थन में आगे आए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि, "भारतीय जनता पार्टी हमेशा पंजाब और सिख विरोधी रही है. आज फिर उसका पंजाब और सिख विरोधी चेहरा सामने आया है, जब उन्होंने आतिशी जी के वीडियो में, जो लफ्ज़ उन्होंने बोले ही नहीं थे और उसमें गुरु साहिब का नाम जोड़कर गुरु साहिब का अपमान किया. इस शर्मनाक हरकत पर बीजेपी को सिख जगत और पंजाबियों से माफी मांगनी चाहिए. बीजेपी हमेशा धर्म और नफरत की राजनीति करती रही है, लेकिन उनकी यह राजनीति पंजाब में नहीं चलेगी".
सौरभ भारद्वाज ने सीएम रेखा सहित मंत्रियों पर साधा निशाना
वहीं, सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में भाजपा को हर दिन शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है. दिल्ली की मुख्यमंत्री और उनके मंत्री हर मोर्चे पर बेनकाब हो रहे हैं. इनकी मुख्यमंत्री एक्यूआई तक का सही उच्चारण नहीं कर सकतीं और इनके मंत्री अपने ही विभागों के नाम तक सही से नहीं बोल पाते. इसी वजह से हाल ही में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को निर्देश दिए गए थे कि वे मीडिया से बातचीत करते समय या अपने भाषणों के दौरान केवल नोट्स या पर्ची से देखकर ही पढ़ें, ताकि कोई गलती न हो. लेकिन इन तमाम नए निर्देशों और पर्ची मिलने के बावजूद, उन्होंने दावा कर दिया कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह ने कांग्रेस सरकार पर बम फेंका था.

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अब अपनी इस फजीहत से बचने के लिए भाजपा ने नया पैंतरा चला है. गुरु तेग बहादुर जी को लेकर जो हालिया विवाद खड़ा किया गया है और भाजपा नेता विपक्ष आतिशी के शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है. यह केवल एक चाल है ताकि जनता का ध्यान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा शहीद भगत सिंह के बारे में कही गई गलत बातों से हटाया जा सके और मामले को रफा-दफा किया जा सके.
बता दें कि बुधवार को इस मुद्दे पर जब विधानसभा में भाजपा विधायकों ने हंगामा किया था, उसके बाद गोपाल राय ने कहा कि भाजपा ने जिस मुद्दे पर सदन में हंगामा किया गया. उसे लेकर आम आदमी पार्टी ने सदन के अंदर भी कहा और अभी भी कह रही है कि भाजपा सरकार उसकी वीडियो दिल्ली की जनता के सामने सार्वजनिक करे. उन्होंने कहा कि मंगलवार को सदन में सरेआम मुख्यमंत्री ने भगत सिंह की अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लड़ाई और उनकी कुर्बानी को झुठलाते हुए कांग्रेस सरकार के खिलाफ बम फेंकने का बयान दिया. आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री की गलत बयानी की वीडियो जनता के सामने लेकर आईं. आतिशी जी ने जो बोला था, अगर उनके बयान में कोई भी बात है तो भाजपा सरकार को उसकी वीडियो सामने लेकर आना चाहिए. वीडियो सामने आने के बाद पता चल जाएगा कि किसने क्या बोला है? आम आदमी पार्टी बिना तथ्य के कुछ नहीं बोलती. अगर हम मुख्यमंत्री के बारे में कुछ बोल रहे हैं तो तथ्य के आधार पर बोल रहे हैं.

