उत्तराखंड में 22 दिन की बच्ची की हत्या, मां पर गला घोंटकर मारने का आरोप, पति विदेश में करता है नौकरी
बागेश्वर जिले से बड़ी खबर सामने आई है. यहां एक मां पर ही अपनी 22 दिन की बच्ची की हत्या करने का आरोप लगा है

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 25, 2026 at 2:17 PM IST
|Updated : February 25, 2026 at 2:26 PM IST
बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक मां ने ही अपनी 22 दिन की बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि सास-ससुर के झगड़े में आरोपी मां ने ये सब किया. फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक महिला का पति विदेश में नौकरी करता है.
जानकारी के मुताबिक मामला बागेश्वर जिले के बैजनाथ थाना क्षेत्र के जैसर गांव का है. यहां पहले 22 दिन की नवजात बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था. हालांकि जब बच्ची का पोस्टमॉर्टम कराया गया तो, सबसे होश उड़ गए. क्योंकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत का कारण गला दबाना सामने आया है. यानी 22 दिन की बच्ची की हत्या की गई.
इसके बाद पुलिस ने मृतक दादा की तहरीर पर मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पारिवारिक विवाद के पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है. मासूम बच्ची के दादा केशर सिंह ने ही शव का पोस्टमॉर्टम कराया, जिसमें डॉक्टरों ने स्पष्ट पुष्टि की है कि बच्ची का गला दबाया गया था.
रिपोर्ट के आधार पर केशर सिंह ने बैजनाथ थाना कोतवाली में बच्ची की मां के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. उन्होंने सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. परिवार के सदस्यों का कहना है कि मां का यह कृत्य बेहद दुःखद है, जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया. इस घटना के बाद गांव के लोग भी हैरान हैं.
पुलिस उपाधीक्षक बागेशवर अजय साह ने बताया कि केशर सिंह द्वारा थाना बैजनाथ में तहरीर देकर अवगत कराया है कि उनकी बहू द्वारा अपनी 22 दिन की बच्ची की निर्मम हत्या कर दी गयी है, जिसके बाद आज थाने में मुकदमा पंजीकृत कर दिया है. उन्होंने बताया की पुलिस पुरे मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है.
बता दें कि बीते साल मार्च 2025 में हरिद्वार जिले से भी इस तरह का मामला सामने आया था, जहां एक महिला ने अपनी दो मासूम बच्चियों की हत्या कर दी थी. आरोपी महिला ने भी पहले पुलिस और परिजनों को गुमराह करने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस के आगे उसकी कोई भी चाल कामयाब नहीं हो पाई थी. पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया था.
पढ़ें---

