ETV Bharat / bharat

दिल्ली के मुकुंदपुर में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद मकान का एक हिस्सा ढहा, मलबे में दबे लोगों की खोज जारी

अब तक तीन लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है.

Etv Bharat
Etv Bharat (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : June 2, 2026 at 11:30 AM IST

|

Updated : June 2, 2026 at 11:39 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में एक सप्ताह के भीतर इमारत गिरने का दूसरा मामला सामने आया है. साकेत के बाद मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के बाद एक मकान का बड़ा हिस्सा ढह गया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस व अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं. मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया. शुरुआती रेस्क्यू ऑपरेशन में तीन लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति के मलबे में फंसे होने की आशंका के चलते तलाशी अभियान जारी है.

सिलेंडर ब्लास्ट के बाद मकान का हिस्सा ढहा (ETV Bharat)

दिल्ली फायर सर्विस की ओर से जारी ताजा जानकारी के मुताबिक मुकुंदपुर गांव में स्थित एक इमारत के भूतल पर व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों से छोटे घरेलू गैस सिलेंडरों में गैस भरने का काम किया जा रहा था. इस दौरान जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे इमारत का ग्राउंड फ्लोर पूरी तरह ढह गया. हादसे में अब तक कुल 10 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को उपचार के लिए बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल व डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस व अन्य एजेंसियों की टीमें लगातार मलबा हटाकर तलाशी एवं बचाव अभियान चला रही हैं. अधिकारियों के अनुसार यह सुनिश्चित करने के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है कि मलबे के नीचे कोई अन्य व्यक्ति फंसा न रह गया हो.

AAP MLA, संजीव झा ने कहा कि इस इलाके में काफी समय से अवैध तरीके से सिलेंडर भरने का काम चल रहा था जिसकी शिकायत कई बारे की गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि अब भी मलबे के नीचे 50 से ज्यादा सिलेंडर दिख रहे हैं.

घटना कब घटी?

दिल्ली फायर सर्विस के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) एके मलिक के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 9:37 बजे जहांगीरपुरी (जेएचपी) फायर स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मुकुंदपुर-द्वितीय स्थित ईशु विहार, गली नंबर-1 में मकान गिरने की सूचना प्राप्त हुई. कॉल मिलने के तुरंत बाद दमकल विभाग ने एक वाटर टेंडर, दो वाटर बाउजर, एक क्विक रिस्पांस व्हीकल (क्यूआरवी) व एक इंसिडेंट रिस्पांस टीम (आईआरटी) को मौके के लिए रवाना किया.

राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी एडीओ पारस, स्टेशन ऑफिसर प्रदीप व स्टेशन ऑफिसर गिरिराज द्वारा की गई. सुबह करीब 10:10 बजे घटनास्थल से स्टेशन ऑफिसर गिरिराज ने कंट्रोल रूम को जानकारी दी कि एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट होने के कारण लगभग 250 वर्ग गज क्षेत्र में बना एक मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया है. इसके बाद मलबे में दबे लोगों को खोजने व निकालने के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया.

दमकल विभाग के अनुसार उन्हें सुबह करीब 9:30 बजे यह सूचना मिली थी कि सिलेंडर ब्लास्ट के बाद मकान गिर गया है. कुछ लोग मलबे के नीचे फंसे हुए हैं. सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया. बचाव दल जेसीबी व अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाने में जुटे रहे ताकि किसी भी फंसे हुए व्यक्ति तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके.

दिल्ली पुलिस की टीमों ने भी घटनास्थल को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली. स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीन लोगों को मलबे से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

अधिकारियों का कहना है कि मलबे की पूरी तरह जांच होने तक राहत अभियान जारी रहेगा. फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट को माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- महरौली बिल्डिंग हादसा: 11 साल की लापरवाही ने ली 6 जिंदगियां, चेतावनियों के बावजूद नहीं जागा तंत्र

ये भी पढ़ें- दिल्ली के महरौली में 5 मंजिला इमारत गिरी, 6 लोगों की मौत, 5 का अस्पताल में इलाज जारी

Last Updated : June 2, 2026 at 11:39 AM IST