Cardiac Arrest - खेलते-खेलते गिरी छात्रा, चली गई जान, चार माह पहले बड़े भाई की हुई थी अचानक मौत
करीब चार माह पहले छात्रा के बड़े भाई अभिषेक का भी अचानक निधन हो गया था.

Published : February 26, 2026 at 12:07 PM IST
|Updated : February 26, 2026 at 1:08 PM IST
नागौर : गोटन कस्बे के एक निजी विद्यालय में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रार्थना सभा से पहले खेलते-खेलते एक 9 वर्षीय छात्रा अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी. आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हृदय गति रुकना (कार्डियक अरेस्ट) माना जा रहा है. घटना 23 फरवरी की सुबह करीब 7.48 बजे की है.
गोटन सीएससी प्रभारी डॉ. सुखराम बेरवाल ने बताया कि बच्ची की पूर्व में कोई मेडिकल हिस्ट्री नहीं है. परिजनों से भी पता किया, लेकिन पुराना कोई मेडिकल रिकॉर्ड बच्ची का नहीं था. बच्ची को स्कूल से जब टीचर्स यहां लेकर आए तो शरीर में किसी प्रकार की कोई हलचल नहीं थी. संभवतः यह कार्डियक अरेस्ट का ही मामला है. परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया था, इसीलिए कंफर्म कुछ भी कहना मुश्किल है.
पढ़ें. नाबालिग की कोटा में संदिग्ध मौत, अस्पताल में भर्ती करा युवक फरार, नानी के घर से हुई थी लापता
तालनपुर (फड़ौदा की ढाणी) निवासी राजेंद्र बापेडिया की पुत्री दिव्या स्थानीय निजी विद्यालय में कक्षा पांचवीं की छात्रा थी. प्रतिदिन की तरह वह सुबह करीब सात बजे विद्यालय पहुंची थी. प्रार्थना सभा चल रही थी, तभी अचानक वह असहज होकर जमीन पर गिर पड़ी. घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. शिक्षकों ने छात्रा को तुरंत संभाला और कस्बे के राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे. साथ ही परिजनों को सूचना दी गई.
गोटन इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर राम कुंवार ओला ने बताया कि प्रार्थना सभा से पहले ही दिव्या ग्राउंड में अचानक बेहोश हो गई. हमने तुरंत परिजनों को सूचना दी और अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार प्रथम दृष्टया हृदय गति रुकने की आशंका है. परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आवश्यक औपचारिकताओं के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया.
चार माह में दूसरा सदमा : दिव्या 9 साल की थी और 5वीं कक्षा की छात्रा थी. दिव्या की असमय मृत्यु ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है. ग्रामीणों के अनुसार करीब चार माह पूर्व दिव्या के 16 वर्षीय बड़े भाई अभिषेक का भी अचानक निधन हो गया था. लगातार दो संतानों की आकस्मिक मृत्यु से परिवार गहरे सदमे में है.

