ETV Bharat / bharat

अनूपगढ़: पाकिस्तान से ड्रोन से आई 20 करोड़ की हेरोइन सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार तीनों तस्करों को एक दिन पहले शांतिभंग के मामले में गिरफ्तार किया गया था.

Accused in police custody
पुलिस गिरफ्त में आरोपी (ETV Bharat Sriganganagar)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 2, 2026 at 6:56 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

श्रीगंगानगर: भारत-पाकिस्तान सीमा पर बसे रावला गांव से तीन आरोपियों को 20 करोड़ की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है. पुलिस और बीएसएफ की कार्रवाई में तीन आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 88 ग्राम हेरोइन बरामद की गई. जांच में पता चला कि यह हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारत लाई गई थी. यह चाइना मेड ड्रोन भी जब्त किया गया है.

घड़साना में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसपी अमृता दुहन ने बताया कि भारत और पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बसे गांव रावला से हेरोइन तस्करी की सूचना मिली थी. सूचना पर क्षेत्र में नाकाबंदी कर गश्त शुरू की गई. रावला थाना क्षेत्र के 15 केएनडी पुलिया के पास नहर किनारे तीन युवक संदिग्ध हालत में दिखे. उनके पास एक प्लास्टिक का कट्टा था. पुलिस की गाड़ी देखकर वे भागने की कोशिश करने लगे. पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया. तलाशी में उनके पास से 4 किलो 88 ग्राम हेरोइन बरामद की गई. जांच में पता चला कि यह हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारत लाई गई थी. पुलिस ने ड्रोन भी जब्त किया है. साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

एसपी ने स्थानीय लोगों से की ये अपील (ETV Bharat Anupgarh)

पढ़ें: घंटी बजाकर देता था सिग्नल, पाकिस्तान से फेंकी जाती थी हेरोइन, ऐसे पकड़ा गया तस्कर

प्लास्टिक बैग में था ड्रोन: उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगनदीप सिंह उर्फ लब्बू सिंह (26) पुत्र कुलवंत सिंह निवासी चक 10 के अनूपगढ़, नीटू सिंह उर्फ रवनीत सिंह (21) पुत्र हरबंश सिंह निवासी डबली राठान हनुमानगढ़, सतपाल सिंह (27) पुत्र कृष्ण सिंह निवासी चक 04 एसटीआर, घड़साना के रूप में हुई है. एसपी ने बताया कि आरोपी जगनदीप सिंह के पास 1019 ग्राम, नीटू सिंह के पास 2048 ग्राम और सतपाल सिंह के पास से 1021 ग्राम हेरोइन बरामद की गई. वहीं, सतपाल के प्लास्टिक बैग में ड्रोन भी मिला. बरामद किए गए ड्रोन का प्रयोग पाकिस्तान से हेरोइन लाने में किया गया था. उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

पढ़ें: भारत-पाक सीमा पर ड्रोन से तस्करी की कोशिश नाकाम, ढाई करोड़ की हेरोइन पकड़ी

एक दिन पहले शांतिभंग में किया था गिरफ्तार: एसपी ने बताया कि रावला पुलिस ने 31 दिसंबर को गश्त के दौरान इन्हीं तीनों आरोपियों को शांतिभंग के मामले में गिरफ्तार किया था. आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के बाद तीनों आरोपियों को जमानत पर छोड़ दिया गया था. जमानत पर छोड़ने के बाद पुलिस को इनपुट मिला था कि भारत-पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय सीमा से हेरोइन तस्करी होने की संभावना है. एसपी ने बताया कि पुलिस ने भारत-पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज 4 किलोमीटर की दूरी पर इन तीनों आरोपियों को भारी मात्रा में हेरोइन और एक ड्रोन सहित गिरफ्तार कर लिया.