सुकेश चंद्रशेखर ने पटियाला हाउस कोर्ट में दी अर्जी, अदिति सिंह को 217 करोड़ रुपये लौटाने को तैयार
महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने 200 करोड़ की रंगदारी केस में शिकायतकर्ता अदिति सिंह को 217 करोड़ रुपए लौटाने की पेशकश की.

Published : December 27, 2025 at 6:15 PM IST
नई दिल्ली: रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिवेंद्र सिंह की पत्नी अदिति सिंह से कथित तौर पर 200 करोड़ रुपये की ठगी मामले के आरोपी महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने पटियाला हाउस कोर्ट में याचिका दायर कर अदिति सिंह को 217 करोड़ रुपये के भुगतान का प्रस्ताव दिया. सुकेश चंद्रशेखर ने याचिक में कहा है कि इस भुगतान का मतलब ये नहीं है कि वो अपना अपराध स्वीकार करता है.
वकील अनंत मलिक के जरिए दायर अर्जी में सुकेश ने कहा है कि वो अदिति सिंह को भुगतान करने को तैयार है. अर्जी में सुकेश ने कहा कि वो बिना किसी पूर्वाग्रह के यह अर्जी दाखिल कर रहा है और इस अर्जी से उसके किसी भी कानूनी अधिकार पर कोई फर्क नहीं प़ड़ेगा. सुकेश की अर्जी पर शिकायतकर्ता के रूख से ही पता चलेगा कि वो सुकेश को तुरंत इस मामले से छुटकारा देना चाहती है या नहीं.
बता दें कि ईओडब्ल्यू ने 16 जनवरी 2023 को इस मामले में चार्जशीट दाखिल किया था. सुनवाई के दौरान सुकेश चंद्रशेखर के वकील ने कहा था कि पैसों का इंतजाम करना अलग बात है और उसका किसलिए इस्तेमाल किया जा रहा है, यह अलग मुद्दा है. उन्होंने कहा था कि सवाल यह है कि इतनी बड़ी रकम बिना किसी से मुलाक़ात के कैसे दी गई.
सुकेश के वकील ने कहा था कि अदिति सिंह ने सरकार को मदद के लिए पत्र लिखा था. इससे साफ है कि अदिति सिंह को पता था कि सरकार कैसे काम करती है, उसके काम करने का तरीका क्या है. मामले में जांच सिर्फ एक नरेटिव सेट करने को लेकर की गई है. इस मामले में ईडी ने कोर्ट को बताया था कि सुकेश ने स्वीकार किया था कि 57 करोड़ रुपये अदिति सिंह से लिए थे, लेकिन जांच में पाया गया कि उसने 80 करोड़ रुपये लिये थे.
ईडी ने कहा था कि सुकेश ही इस मामले का मास्टरमाइंड है. इस मामले में उसने अदिति सिंह को पहला फोन लैंडलाइन से किया था. ईडी ने कहा कि सुकेश ने बताया कि इस पैसे से गाड़ी, लग्जरी आइटम और गिफ्ट खरीदे गए. कोर्ट ने 15 नवंबर, 2022 को अभिनेत्री जैकलीन को जमानत दी थी. 31 अगस्त, 2022 को कोर्ट ने जैकलीन फर्नाडीज के खिलाफ दायर पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था. 17 अगस्त, 2022 को ईडी ने पूरक चार्जशीट दाखिल की थी.
ईडी ने पूरक चार्जशीट में जैकलीन को आरोपित बनाया है. ईडी अप्रैल में इस मामले में जैकलीन की सात करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुका है. ईडी की चार्जशीट के मुताबिक, सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन को पांच करोड़ 71 लाख रुपये से ज्यादा के गिफ्ट दिए थे. सुकेश अपनी सहयोगी पिंकी ईरानी के जरिए जैकलीन को गिफ्ट पहुंचाने का काम करता था. इन गिफ्टों में 52 लाख रुपये का घोड़ा और 9 लाख रुपये की एक पारसी बिल्ली भी शामिल है.
ईडी के मुताबिक, सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन के लिए उपहार खरीदने के लिए उस अवैध धन का इस्तेमाल किया, जो उसने शिवेंद्र सिंह की पत्नी अदिति सिंह समेत दूसरे हाई-प्रोफाइल लोगों से धोखाधड़ी कर वसूला था. ईडी के मुताबिक, इस पूरे अपराध के लिए सुकेश ने ढांचा तैयार किया और अपराध को अंजाम दिया, दिल्ली पुलिस ने सुकेश चंद्रशेखर पर मकोका लगाया है.
ये भी पढ़ें:

