ETV Bharat / bharat

200 करोड़ की ठगी का मामला: जैकलीन फर्नांडीज की सरकारी गवाह बनाने की मांग का ईडी ने किया विरोध, कहा- सुकेश के संपर्क में लगातार रहती है

ईडी की चार्जशीट के मुताबिक इस मामले के मुख्य आरोपी सुकेश चंद्रशेखर ने पांच करोड़ 71 लाख रुपए से ज्यादा के गिफ्ट दिए थे.

प्रवर्तन निदेशालय
प्रवर्तन निदेशालय (File Photo)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : May 11, 2026 at 9:28 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: ईडी ने ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ की मनी लाउंड्रिंग के मामले की आरोपी और अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज की सरकारी गवाह बनने की अनुमति देने की मांग का विरोध किया है. ईडी ने पटियाला हाउस कोर्ट में दाखिल अपने जवाब में कहा है कि जैकलीन फर्नांडीज सुकेश चंद्रशेखर के आपराधिक इतिहास के जानने के बावजूद उसके संपर्क में है.

एडिशनल सेशंस जज प्रशांत शर्मा ने ईडी के जवाब पर जवाबी हलफनामा दाखिल करने के लिए समय देते हुए कल यानि 12 मई को सुनवाई करने का आदेश दिया. ईडी ने अपने जवाब में कहा है कि जैकलीन फर्नांडीज कई तरीकों से सुकेश चंद्रशेखर के संपर्क में रहती है. ईडी के मुताबिक जैकलीन अपराध के धन का उपयोग अपने और अपने परिवार के सदस्यों पर करती है. इसका साफ मतलब है कि वो मनी लाऊंड्रिंग में सक्रिय भागीदार है.

कोर्ट ने 17 अप्रैल को जैकलीन की इस अर्जी पर ईडी को नोटिस जारी किया था. इस मामले में जैकलीन फर्नांडीज आरोपी हैं. जैकलीन फर्नांडीज ने ईडी के केस को निरस्त करने की मांग करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर किया था. दिल्ली हाईकोर्ट ने जैकलीन की याचिका खारिज कर दिया था. सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट के आदेश पर मुहर लगाते हुए जैकलीन की याचिका खारिज की थी.

इस मामले में जैकलीन फर्नांडीज जमानत पर है. पटियाला हाउस कोर्ट ने 15 नवंबर 2022 को जैकलीन फर्नांडीज को जमानत दी थी. 31 अगस्त 2022 को कोर्ट ने जैकलीन फर्नाडीज के खिलाफ दायर पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था. 17 अगस्त 2022 को ईडी ने पूरक चार्जशीट दाखिल किया था. ईडी ने पूरक चार्जशीट में जैकलीन को आरोपी बनाया था. ईडी अप्रैल 2025 में इस मामले में जैकलीन की सात करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त कर चुका है.

ईडी की चार्जशीट के मुताबिक इस मामले के मुख्य आरोपी सुकेश चंद्रशेखर ने पांच करोड़ 71 लाख रुपए से ज्यादा के गिफ्ट दिए थे. सुकेश अपनी सहयोगी पिंकी ईरानी के जरिए जैकलीन को गिफ्ट पहुंचाने का काम करता था. इन गिफ्टों में 52 लाख रुपए का घोड़ा और 9 लाख रुपए की एक पारसी बिल्ली भी शामिल है. जैकलीन ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपने खिलाफ दायर एफआईआर को निरस्त करने की मांग की है. ये याचिका हाईकोर्ट में लंबित है.

जैकलीन ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा है कि उसके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं. जैकलीन ने कहा है कि सुकेश चंद्रशेखर ने तो उसके साथ फर्जीवाड़ा किया ही साथ ही अदिति सिंह ने भी फर्जीवाड़ा किया. जैकलीन ने कहा है कि उसे सुकेश चंद्रशेखर ने टारगेट किया और उसका मनी लाउंड्रिंग मामले में कोई हाथ नहीं है. जैकलीन ने सुकेश चंद्रशेखर के उस दावे को खारिज किया है कि वो उसके साथ रिलेशनशिप में हैं.

ये भी पढ़ें: