ETV Bharat / bharat

उत्तराखंड में दो दिन में 16 लोगों की मौत, जानिये क्यों जा रही जानें

बीते दों दिनों में उत्तराखंड में कई सड़क हादसे हुये हैं. इसके साथ ही मौसम की मार के कारण भी लोगों की जानें गई हैं.

ACCIDENTS IN UTTARAKHAND
उत्तराखंड में दो दिन में 16 लोगों की मौत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : May 30, 2026 at 2:26 PM IST

8 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: उत्तराखंड में दो दिनों में 16 लोगों की मौत हुई हैं. ये मौतें अलग अलग घटनाओं में हुई हैं. इन मौत के आंकड़ों की बात करें तो इनमें चमोली, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, टिहरी में सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है. यमुनोत्री धाम में एक यात्री, तुंगनाथ आंधी तूफान में दो सगे भाइयों की मौत, आदि कैलाश यात्री की मौत हुई है. वहीं, पौड़ी जिले में फारेस्ट फायर में झुलसे एक कर्मचारी की आज मौत हो गई है.

आंख मिचौली खेल रहा मौसम: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम आंख मिचौली खेल रहा है. प्रदेश के अलग अलग इलाकों में कहीं मूसलाधार बारिश हो रही है तो कहीं तेज हवाएं, आंधी चल रही हैं. कहीं आकाशीय बिजली से भी नुकसान की खबरें हैं.

तुंगनाथ चोपता में दो भाईयों की मौत: धार्मिक स्थल तुंगनाथ-चोपता में भी मौसम के बदले मिजाज ने टूरिस्ट और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ी दी. यहां तेज आंधी, तूफान के कारण इस क्षेत्र में कई स्थानीय लोग और तीर्थ यात्री फंस गये. आनन फानन में जिला प्रशासन एवं राहत बचाव एजेंसियों ने रेस्क्यू अभियान चलाया. जिसके बाद फंसे लोगों और पर्यटकों को बाहर निकाला गया. इस घटना में लखनऊ के दो सगे भाइयों की मौत हो गई. दोनों की पहचान अभिषेक वाजपेई और अभिनव वाजपेई के रूप में हुई. थाना प्रभारी मनोज नेगी ने दोनों युवकों की मौत की पुष्टि की.

इसके अलावा चंद्रशिला-तुंगनाथ क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला समेत दो लोग झुलस गये. जिसके बाद एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मौके पर मोर्चा संभाला.इसके साथ ही प्रदेश के दूसरे इलाकों में भी बारिश और आंधी से आफत की खबरें आई. मसूरी, ऋषिकेश में आंधी के कारण बड़े नुकसान की खबरें भी रिपोर्ट की गई.

यमुनोत्री पैदलमार्ग पर श्रद्धालु की मौत : इन दिनों प्रदेश में चारधाम यात्रा, आदि कैलाश यात्रा चल रही है. ये दोनों कठिन आध्यात्मिक यात्राएं हैं. इन दोनों ही यात्राओं में बड़ी संख्यां में श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में इन यात्राओं में मौत की खबरें भी सामने आती हैं. बीते रोज गंगोत्री धाम में एक और श्रद्धालु की मौत हुई. श्रद्धालु की पहचान मध्य प्रदेश के रहने वाले हरिमोहन(61 वर्षीय) के रूप में हुई है. हरिमोहन अपने परिवार वालों के साथ चारधाम यात्रा पर उत्तराखंड आये हुये थे. चारधाम यात्रा के दौरान जानकीचट्टी क्षेत्र में उनकी तबीयत बिगड़ गई. आनन फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस मौत के बाद यमुनोत्री धाम मार्ग पर जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर 14 हो गई है.

आदि कैलाश मार्ग पर एक मौत: आदि कैलाश यात्रा पर भी गुजरात के श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मौत हुई है. श्रद्धालु की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी 76 वर्षीय मनसुख गिरी पुत्र धन गिरी के रूप में हुई है.मनसुख गिरी अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ आदि कैलाश यात्रा पर आये थे. इसी दौरान वे अचानक बेहोश हो गये. उन्हें धारचूला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उन्हें मृत घोषित किया गया.

सड़क हादसों में गई कई जानें: पहाड़ी प्रदेश उत्तराखंड में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. आये दिन प्रदेश के अलग अलग जिलों में हो रहे सड़क हादसों में कई लोग जान गंवा रहे हैं. बीते दो दिनों में प्रदेश में कई सड़क हादसे हुये. जिनमें 11 लोगों ने अपनी जान गंवाई है.

चमोली में तीन लोगों की मौत: सड़क हादसे का ताजा मामला चमोली जिले से सामने आया. चमोली जिले के के देवाल विकासखंड के ल्वाणी गांव में रोड एक्सीडेंट हुआ. बताया जा रहा है कि यहां एक एंबुलेंस खाई में गिर गई. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. घटना के वक्त एंबुलेंस में 6 लोग सवार थे. दूसरे घायलों को उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है. थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने सड़क दुर्घटना की पुष्टि की है.

दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के नाम

  • कविता देवी (उम्र 32 वर्ष) पत्नी खुशाल सिंह
  • मयंक सिंह (उम्र 08 वर्ष) पुत्र खुशाल सिंह
  • रोशनी (उम्र 18 वर्ष) पुत्री लक्ष्मण सिंह

दुर्घटना में मृतकों के नाम

  • बलबीर सिंह (उम्र 52 वर्ष) पुत्र स्व. नारायण सिंह, निवासी ग्राम बांक लोहाजंग
  • शांति देवी (उम्र 48 वर्ष) पत्नी स्व. बलबीर सिंह
  • आंशु बिष्ट (उम्र 18 वर्ष) पुत्र बलबीर सिंह

गंगोत्री हाईवे पर हादसा, दो लोगों की मौत: इसके साथ ही गंगोत्री हाईवे पर भी सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि गंगनानी से उत्तरकाशी की ओर आ रही कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई. जिससे कार सवार महिला और पुरुष की मौत हो गई. घटना के वक्त कार में चार लोग सवार थे. मृतकों की पहचान लक्ष्मी दामोधर रामटेककर (उम्र 67 वर्ष) पत्नी दामोधर हरीराम जी रामटेककर, निवासी- नागपुर, महाराष्ट्र, दामोधर हरीराम रामटेककर (उम्र 77 वर्ष) पुत्र नामालूम, निवासी -नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है.जबकि विमल कुमार (उम्र 61 वर्ष) पुत्र बैकुंठ प्रधान, निवासी-भुवनेश्वर, उड़ीसा, उपासना (उम्र 54 वर्ष) पत्नी विमल कुमार प्रधान, निवासी- भुवनेश्वर, उड़ीसा इस घटना में घायल हो गये हैं.

अल्मोड़ा में दो युवकों की मौत: बीते रोज अल्मोड़ा में हुये सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई. ये हादसा अल्मोड़ा कफड़खान-सिरकोट-शैल मोटरमार्ग पर हुआ था. बताया गया कि गधोली क्षेत्र के सुंदरपुर के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई. जिससे दो युवकों की मौत हो गई. युवकों की पहचान उमेश पुत्र रमेश (उम्र 22 वर्ष), निवासी- अजीतपुर, रामपुर, उत्तर प्रदेश, चत्ते राजी पुत्र गंगा राम (उम्र 26 वर्ष), निवासी- कैलाली, नेपाल के रूप में हुई है.

सड़क हादसे में डॉक्टर की मौत: इसके अलावा रुद्रपुर में भी तेज रफ्तार कहर देखने को मिला. यहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार डॉक्टर को रौंद डाला. जिससे डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई. ये हादसा दिनेशपुर क्षेत्र में NH-74 पर हुआ. बताया जा रहा है 46 वर्षीय डॉक्टर मंटू चंद्र राय क्लीनिक बंद कर घर वापस लौट रहे थे. तभी तेज रफ्तार ट्राले ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी. जिसमें उनकी मौत हो गई.

टिहरी में भी दो मौत: इसी तरह टिहरी में भी दो मौतें रिकॉर्ड की गई. यहां भद्रकाली तिराहे से एक डंपर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में ट्रक सड़क से नीचे गिरते हुए सीधे एक झोपड़ी में जा गिरा. जिससे यहां रह रही महिला भी इसकी चपेट में आ गई. इस हादसे में ड्राइवर और महिला की मौत हुई है. ट्रक चालक की पहचान फारुख बहादरपुर लक्सर हरिद्वार निवासी और महिला कौशल्या ( उम्र 42 वर्ष) पत्नी सुरेश निवासी बावाडी शिवपुरी के रूप में हुई.

फॉरेस्ट फायर में झुलसा कर्मचारी, आज हुई मौत: बीते रोज पौड़ी जिले के कोट विकासखंड में ग्राम्य विकास विभाग में कार्यरत एक सरकारी कर्मचारी संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गया. जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पौड़ी लाया गया. जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया. आज उस सरकारी कर्मचारी की मौत हो गई है. परिजनों ने बताया एम्स में बेड नहीं मिलने के कारण उनकी मौत हुई है. मामले में जिलाधिकारी पौड़ी ने कहा पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाई जा रही है. रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी

क्यों जा रही लोगों की जानें: उत्तराखंड में बीते दो दिनों में 16 लोगों की जानें चली गई. ये जानें या तो हाई एटीट्यूड की यात्राओं में गई हैं, या फिर सड़क हादसों में गई हैं. हाई एटीट्यूड की यात्राओं से पहले स्वास्थ्य परीक्षण आवश्यक है. कई बार यात्री बिना इसके यात्रा शुरू कर देते हैं. जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ता है. वहीं, सड़क हादसों की बात करें तो उत्तराखंड पहाड़ी प्रदेश है. यहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं. इसकी अलग अलग वजहें हो सकती हैं. हादसों से बचने के लिए जरूरी है कि पहाड़ों पर संभलकर गाड़ी चलाये. सड़क पर अपने साथ ही दूसरों का ख्याल रखें.

पढ़ें- उत्तराखंड यमुनोत्री धाम यात्रा में एक और श्रद्धालु की मौत, अबतक 14 यात्री गंवा चुके जान

पढ़ें- टिहरी में सड़क से नीचे खेत में गिरा ट्रक, डिवाइडर के नीचे दबने से महिला समेत चालक की मौत

पढ़ें- उत्तराखंड में आदि कैलाश की यात्रा पर आए एक श्रद्धालु की मौत, जानिए कैसे गई जान?