Speed @180 : कोटा में फिर वंदे भारत स्लीपर का स्पीड ट्रायल, ग्लास से पानी भी नहीं छलका
रेलवे ट्रैक पर एक बार फिर 180 की स्पीड पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ट्रायल मंगलवार को किया गया.

Published : December 30, 2025 at 8:21 PM IST
कोटा: दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर एक बार फिर 180 की स्पीड पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ट्रायल किया गया. यह ट्रायल मुख्य रेल संरक्षण आयुक्त जनक कुमार जैन की उपस्थिति में हुआ है, जिसमें 16 कोच की स्लीपर वंदे भारत ट्रेन कोटा से नागदा के बीच में दौड़ी है. इस दौरान ट्रेन की स्थिरता तेज गति में जांचने के लिए कांच के गिलास में पानी रखा गया, जो छलक कर नीचे गिरा भी नहीं.
रेलवे ने कई जगह पर ट्रेन के वीडियो भी बनवाए हैं. इनमें 180 की गति पर गुजरती वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 20 सेकंड में स्टेशन को क्रॉस कर रही थी. ट्रायल के दौरान कोटा रेल मंडल के डीआरएम अनिल कालरा भी ट्रेन में मौजूद रहे. कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि उच्च गति का यह परीक्षण सफल रहा है.
परीक्षण के दौरान ट्रेन की स्थिरता दोलन गति, इमरजेंसी ब्रेक सिस्टम और सेफ्टी सिस्टम की भी जांच की गई है. सौरभ जैन का कहना है कि इसके अलावा कई टेक्निकल प्वाइंट्स पर भी इंस्पेक्शन किया गया है. यह हाई स्पीड के दौरान ट्रेन का ट्रायल और प्रदर्शन संतोषजनक मिला. इसके बाद ही इस परीक्षण को पूरी तरह से सफल घोषित किया गया है.
इसके साथ ही भारतीय रेलवे के लखनऊ स्थित अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ), तमिलनाडु के चेन्नई स्थित वंदे भारत कोच बनाने वाली इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ), मेघा सर्वो ड्राइव्स लिमिटेड और फेवली इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारी मौजूद रहे.
Vande Bharat Sleeper tested today by Commissioner Railway Safety. It ran at 180 kmph between Kota Nagda section. And our own water test demonstrated the technological features of this new generation train. pic.twitter.com/w0tE0Jcp2h
— Ashwini Vaishnaw (@AshwiniVaishnaw) December 30, 2025
सीनियर डीसीएम जैन ने बताया कि वंदे भारत स्लीपर में 16 कोच हैं, जिनमें स्लीपर से लेकर एसी कोच में भी काफी आरामदायक बर्थ यात्रियों को उपलब्ध करवाई जाएगी. सेमी हाई स्पीड ट्रेन होने से सस्पेंशन अपग्रेडेड सिस्टम वाले लगाए गए. इससे स्लीपर कोच में सोते समय यात्रियों को कंपन कम महसूस होता है. ट्रेन के हाई स्पीड में चलने के दौरान भी यात्री को आरामदायक ही महसूस होगा. इसके अलावा ऑटोमेटिक गेट लेटेस्ट टॉयलेट फायर व दूसरी सेफ्टी डिवाइसेज, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, डिजिटल इनफॉरमेशन सिस्टम है. यह यात्रियों को सुरक्षित आरामदायक और विश्व स्तरीय सुविधाओं का अनुभव करवाएगी.

