RVUNL : बिजली निगमों में तकनीशियन के 2163 पदों पर सीधी भर्ती, जानिए कब तक कर सकते हैं Apply
पहले 216 पदों पर निकाली गई थी भर्ती, अब पदों में दस गुना बढ़ोतरी कर मांगे आवेदन.

Published : September 10, 2025 at 9:52 AM IST
जयपुर : राजस्थान के बिजली निगमों में तकनीशियन के 2163 पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है. ऑनलाइन आवेदन करने की आखिरी तारीख 25 सितंबर है. प्रदेश के उत्पादन निगम और जयपुर, अजमेर, जोधपुर डिस्कॉम में तकनीशियन-तृतीय (आईटीआई), ऑपरेटर-तृतीय (आईटीआई) और प्लांट अटेंडेंट-तृतीय (आईटीआई) के कुल 2,163 पदों के लिए इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से 10 सितंबर 2025 से 25 सितंबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं. दरअसल, तकनीशियन के 216 पदों पर पहले भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की गई थी. बाद में नवीन सृजित 1947 पदों को शामिल करते हुए अब 2163 पदों पर यह भर्ती निकाली गई है.
आवेदन के लिए एक और मौका : ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि पहले चरण में आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म में संशोधन और अतिरिक्त जानकारी भरने के लिए 1 से 10 अगस्त 2025 तक दिया गया था. अब दूसरे चरण में उन सभी पात्र आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन का मौका दिया गया है, जो पहले आवेदन नहीं कर पाए थे.
पढ़ें. RPSC ने जारी किया कृषि विभाग भर्ती परीक्षा-2024 का विस्तृत कार्यक्रम
युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता : उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने और कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखने के लिए प्रतिबद्ध है. युवाओं को रोजगार देने एवं विद्युत निगमों के सुदृढ़ीकरण की दिशा में आगे बढ़ते हुए तकनीशियन-तृतीय के पदों में 1947 पदों की बढ़ोतरी की गई है. पूर्व में विज्ञापित 216 रिक्तियों में 10 गुणा की वृद्धि कर अब कुल 2163 पदों पर भर्ती की जा रही है.
कौनसे डिस्कॉम में कितने पद : उन्होने बताया कि राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम के 150, जयपुर विद्युत वितरण निगम के 603, अजमेर विद्युत वितरण निगम के 498 एवं जोधपुर विद्युत वितरण निगम के 912 पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 सितंबर 2025 को सुबह 10 बजे से प्रारंभ करते हुए लिंक सक्रिय किए गए हैं. इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर 2025 को शाम 5 बजे से पहले आवेदन कर सकते हैं.
वेबसाइट और हेल्पलाइन से ले सकते हैं जानकारी : अभ्यर्थी https://energy.rajasthan.gov.in, https://energy.rajasthan.gov.in/rrvun, https://energy.rajasthan.gov.in/rrvpn, https://energy.rajasthan.gov.in/jvvnl, https://energy.rajasthan.gov.in/jdvvnl, https://energy.rajasthan.gov.in/avvnl के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. अभ्यर्थी इनमें से किसी भी वेबसाइट पर भर्ती से जुड़ी जानकारी भी हासिल कर सकते हैं. इसके साथ ही कार्यालय समय में हेल्पलाइन डेस्क 9414056655 के जरिए भी जानकारी हासिल कर सकते हैं.

