मानो न मानो; बाघ भी घास खाता है, देखें- पीलीभीत टाइगर रिजर्व का दिलचस्प वीडियो
बाघ ने किया अजगर का शिकार, खाने के बाद हुआ बेचैन, क्या आप जानते हैं-जानवरों की सेहत से जुड़ा है यह व्यवहार?

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : April 18, 2025 at 12:37 PM IST
|Updated : April 18, 2025 at 1:11 PM IST
पीलीभीत: कहावत है कि शेर भूखा मर जाएगा लेकिन घास नहीं खाएगा, मगर पीलीभीत टाइगर रिजर्व में ऐसा वीडियो सामने आया जिसने इस कहावत को गलत साबित कर दिया है. वीडियो में एक बाघ शिकार किए हुए अजगर के पास खड़ा है और उसे खाने की कोशिश करता है. हालांकि कुछ देर बाद ही बाघ को बेचैनी होने लगती है. इसके आसपास टहलने के बाद वह घास खाने लगता है. इसका अजीबोगरीब वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जानवरों के इस व्यवहार के पीछे वैज्ञानिक कारण हैं. आइए जानते हैं ऐसा क्या होता है, जब शेर को भी घास खाने पर मजबूर होना पड़ता है.
देखने वाले हैरान, क्या बाघ घास खाता है? पीलीभीत टाइगर रिजर्व में यह घटना बीते गुरुवार की बताई जा रही है. यहां एक बाघ ने अजगर का शिकार किया था. बाघ अपने शिकार के पास आता है और सूंघता है. खाने से पहले बार-बार वह मृत अजगर का जायजा लेता है. इसके कुछ देर बाद ही बाघ बेचैनी महसूस करने लगता है. फिर, बाघ मृत अजगर के पास घास खाने लगता है. ऐसा वह काफी देर तक करता है. इस घटना को कैमरे में कैद करने वाले भी यह देखकर हैरान हो जाते हैं. क्योंकि अभी तक सबने यही कहा-सुना है कि शेर कभी घास नहीं खाता. लेकिन, उनकी आंखों के सामने इसके ठीक उलटा हो रहा था. इस घटना का वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया.
बाघ पर रखी जा रही नजर: वहीं बताया जाता है कि इस वीडियो के सामने आने के बाद बाघ की सेहत को लेकर निगरानी रखी जा रही है. माना जा रहा है कि स्वास्थ्य संबंधी किसी परेशानी के कारण बाघ घास खा रहा था. ऐसा मानने के पीछे एक बड़ी वजह भी है. यह जानवरों की सेल्फ इम्यूनिटी से जुड़ी होती है.
जानवरों में होती है सेल्फ इम्यूनिटी: इस घटना के बारे में वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. अजय प्रताप सिंह का कहना है कि प्रत्येक जानवर के अंदर एक सेल्फ इम्यूनिटी होती है, जो तब डेवलप होती है जब उसे यह एहसास होता है कि उसके अंदर कुछ गड़बड़ी चल रही है. खास तौर पर कुछ भी गलत खाने के बाद या फिर ज्यादा खाने की स्थिति में अपच होने के डर से वह अक्सर ऐसी चीजों को खाने लगता है, जो उसके गले में एक इरेक्शन पैदा करते हैं. घास, लकड़ी या ऐसी कोई भी चीज, जो कड़ी होती है, जानवर उस वक्त ऐसी चीजों को खाते हैं. इसके खाने से कुछ देर बाद उन्हें उल्टी का एहसास होता है और उनके अंदर जो भी चीज गड़बड़ चल रही होती है, उससे उन्हें राहत मिल जाती है, यही वजह है कि जानवर अक्सर घास लकड़ी या कोई भी कड़ी चीज खाते दिख जाते हैं.

