नई रेल लाइन से सरसराते निकलेगी ट्रेन, गुजरात-मुंबई का सफर होगा सुहाना
इंदौर दाहोद रेल लाइन का काम अंतिम दौर में पहुंचा. गुजरात-मुंबई जाने वाले यात्रियों को मिलेगी खास सुविधा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 21, 2025 at 7:31 PM IST
इंदौर: यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर करने के लिए भारतीय रेलवे नित नए नए कार्य कर रही है. रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से लेकर नई लाइनों के निर्माण कार्य किये जा रहे हैं. इसी क्रम में इंदौर दाहोद रेल लाइन का काम जारी है, जो जल्द पूरा होने वाला है. इस रेल लाइन के बनने से इंदौर से गुजरात की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी हद तक सुविधा होगी. इसके अलावा इंदौर से मुंबई की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह रूट बेहद सुविधाजनक होगा.
महाराष्ट्र गुजरात के लिए मिलेगा नया रूट
भारतीय रेलवे द्वारा इंदौर से दाहोद रेल लाइन का काम तेजी से किया जा रहा है. इंदौर से धार के बीच रेलवे लाइन बिछाने सहित अन्य निर्माण कार्य तेजी से जारी है. वहीं टीही में बनने वाली टनल का काम भी अंतिम दौर में है. इंदौर से धार तक रेल लाइन का काम पूरा होने पर इंदौर से मुंबई तक चलने वाली ट्रेन के लिए एक नया रूट तैयार हो सकेगा, जिससे कि यात्री कम समय इंदौर से मुंबई तक की यात्रा कर सकेंगे.
अंतिम दौर में इंदौर-दाहोद रेल लाइन का काम
रेलवे जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीणा ने बताया कि " इंदौर दाहोद रेल लाइन का काम तेजी से चल रहा है, टनल आरओबी पुल पुलिया सहित सभी काम तेजी से किए जा रहे हैं. इंदौर टीही तक का काम भी लगभग अंतिम चरण में है. यह रेल लाइन कंप्लीट होने के बाद यात्रियों को काफी हद तक की सुविधा होगी और इंदौर से मुंबई तक यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक नया रूट भी होगा. इस रेल लाइन के माध्यम से पिछड़े व आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के लोगों को भी काफी फायदा होगा. इस काम को निर्धारित समय अवधि में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
- ट्रेन में खत्म होगा ऊपर-नीचे सीट का झंझट खत्म, आसानी से मिलेगी लोअर बर्थ, करना होगा ये काम
- यूपी से मध्य प्रदेश लॉन्च होगी नई वंदे भारत एक्सप्रेस, 6 घंटे में लखनऊ, कानपुर से भोपाल
50 किलोमीटर से अधिक की दूरी होगी कम
इंदौर दाहोद रेल लाइन का फायदा गुजरात और महाराष्ट्र में जाने वाले यात्रियों को होगा. वर्तमान में इंदौर से मुंबई तक जाने के लिए इंदौर उज्जैन रतलाम होते हुए यात्रा करनी होती है, जिसमें करीब 830 किलोमीटर का सफर तय करना होता है. वहीं, इस ट्रैक के बनने के बाद यह दूरी घटकर करीब 775 किलोमीटर हो जाएगी, जिससे यात्रा के समय में कमी होगी.

