Bharat NCAP क्रैश में Tata Altroz फेसलिफ्ट को मिली 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग, वीडियो में देखें क्रैश टेस्ट
Tata Motors की प्रीमियम हैचबाक Tata Altroz फेसलिफ्ट का Bharat NCAP द्वारा क्रैश टेस्ट किया गया है, जिसमें इसे 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग दी गई है.

Published : September 18, 2025 at 2:22 PM IST
हैदराबाद: स्वदेशी कार निर्माता कंपनी Tata Motors की प्रीमियम हैचबाक Tata Altroz फेसलिफ्ट का Bharat NCAP द्वारा क्रैश टेस्ट किया गया है. Bharat NCAP ने क्रैश टेस्ट में इस कार को पूरे पांच-स्टार क्रैश सेफ्टी रेटिंग दी है. इससे पहले Bharat NCAP ने प्री-फेसलिफ्टेड Tata Altroz, Harrier और Harrier EV, Safari, Nexon और Nexon EV, Punch EV, Curvv और Curvv EV जैसे मॉडलों का क्रैश टेस्ट किया है.
Tata Motors के ये सभी मॉडल क्रैश टेस्ट में पांच-स्टार हासिल कर चुके हैं और नई Tata Altroz फेसलिफ्ट पांच-स्टार हासिल करने वाली नौवीं टाटा पैसेंजर कार है. Bharat NCAP द्वारा अभी तक परीक्षण न किए गए मॉडलों में आंतरिक दहन इंजन वाली Tata Punch, Tiago और इलेक्ट्रिक कार Tiago EV और Tigor EV शामिल हैं.

ध्यान देने वाली बात यह है कि Tata Altroz फेसलिफ्ट Bharat NCAP द्वारा क्रैश टेस्ट की जाने वाली दूसरी प्रीमियम हैचबैक है. इससे पहले एजेंसी ने Maruti Baleno का क्रैश टेस्ट किया था, जिसे 4-स्टार सेफ्टी रेटिंग दिया गया था. इसके मुकाबले Tata Altroz का प्रदर्शन बहुत बेहतर है. इस कार ने वयस्क पैसेंजर सुरक्षा के मामले में, 32 में से 29.65 अंक हासिल किए, जिससे फ्रंटल ऑफसेट इम्पैक्ट और साइड पोल इम्पैक्ट परीक्षण में वयस्क यात्रियों को पर्याप्त से लेकर अच्छी सुरक्षा मिली.
हालांकि, साइड बैरियर इम्पैक्ट परीक्षण में वयस्क पैसेंजर की छाती को मामूली सुरक्षा प्रदान करने के कारण इस हैचबैक के अंक कम हुए. बच्चों की सुरक्षा के लिए, Tata Altroz को 49 में से 44.90 अंक मिले. हैचबैक में इसे 24 में से 23.90 का डायनामिक स्कोर मिला.
इसके साथ ही चाइल्ड रेस्ट्रेंट सिस्टम इंस्टॉलेशन के लिए इसे पूरे 12 में से 12 अंक मिले. हालांकि, व्हीकल मूल्यांकन स्कोर में हैचबैक के अंक गिर गए, जिसमें इस कार ने अधिकतम 13 में से 9 अंक हासिल किए. Bharat NCAP ने कहा कि 5-स्टार रेटिंग मौजूदा समय में बिक्री पर उपलब्ध फेसलिफ्टेड Tata Altroz के सभी वेरिएंट - पेट्रोल के साथ-साथ सीएनजी पर भी लागू होगी.
Tata Altroz फेसलिफ्ट कब हुई लॉन्च
बता दें कि Tata Motors ने अपनी प्रीमियम हैचबैक को इस साल की शुरुआत में एक उल्लेखनीय फेसलिफ्ट दिया था, जिसमें इसके एक्सटीरियर लुक को और भी बेहतर बनाया गया है और साथ ही कुछ उल्लेखनीय फ़ीचर अपडेट के साथ एक नया केबिन भी दिया गया है.
Tata Altroz फेसलिफ्ट के पावरट्रेन
स्टैंडर्ड तौर पर इस प्रीमियम हैचबैक में 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन इस्तेमाल किया जाता है, जिसके साथ 5-स्पीड मैनुअल, 5-स्पीड AMT या 6-स्पीड DCT गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है. इस इंजन के साथ फ़ैक्टरी-फिटेड CNG किट का भी विकल्प मिलता है, जो केवल मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है.

इसके अलावा, Tata Altroz भारतीय बाज़ार में एकमात्र ऐसी हैचबैक है जो अभी भी डीज़ल इंजन विकल्प के साथ आती है. इस कार में 1.5-लीटर डीजल इंजन का विकल्प मिलता है, जो 88 bhp की पावर और 200 Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है. इस इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स को जोड़ा गया है.

