अमरोहा में छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाला युवक गिरफ्तार, स्कूल आते-जाते समय करता था अश्लील हरकत
छात्राओं ने पुलिस को बताया कि आरोपी पिछले एक महीने से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत कर रहा था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 20, 2025 at 6:48 PM IST
अमरोहा : गजरौला थाना क्षेत्र में छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. छात्राओं का आरोप है कि युवक विशेष समुदाय का है. स्कूल आते-जाते समय अश्लील हरकत करता और परेशान करता था. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
मामला ब्रजघाट पुलिस चौकी क्षेत्र का है. आरोपी युवक पिछले एक महीने से छात्राओं के साथ गंदी हरकत कर रहा था. छात्राओं ने गुरुवार को इस बात की जानकारी अपने परिजनों की दी. नाराज परिजन स्कूल पहुंचे और प्रधानाध्यापक को मामले की जानकारी दी. प्रधानाध्यापक ने 112 डायल को मामले की सूचना दी. मौके पर पहुंची 112 डायल की टीम ने परिजनों ने जानकारी ली.
पुलिस आरोपी युवक के गांव पहुंची और थाने ले आई. परिजनों ने किसी तरह की तहरीर नहीं दी तो पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद छोड़ दिया. वहीं शनिवार को छात्राओं के परिजन गजरौला थाना पहुंचे और हंगामा करने लगे. परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया. परिजनों ने आरोपी के खिलाफ तत्काल शिकायती पत्र दिया.
गजरौला थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि छात्राओं के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ की जा रही है. आरोपी युवक एक विशेष समुदाय का है और उसकी उम्र लगभग 30 साल है. परिजनों ने गुरुवार को मामले में किसी तरह की कोई शिकायत नहीं की थी, इसलिए पूछताछ के बाद आरोपी को छोड़ दिया गया. शनिवार को परिजनों ने लिखित शिकायत की, इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया.

