धरने की अनुमति नहीं मिली तो टंकी पर जा चढ़ा युवक, वन मंत्री के घर के सामने तीन घंटे ड्रामा, जानिए मामला...
सरकारी विभागों में भर्तियों की मांग लेकर युवक टंकी पर चढ़ गया. उसने धरने की अनुमति नहीं मिलने पर उठाया यह कदम.

Published : September 26, 2025 at 6:39 PM IST
|Updated : September 26, 2025 at 7:28 PM IST
अलवर: रोजगार देने और सरकारी विभागों में भर्तियों की मांग लेकर शुक्रवार को एक युवक वन मंत्री संजय शर्मा के निवास के बाहर बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया. भगतसिंह चौराहे के पास टंकी पर करीब तीन घंटे हंगामा चला. तहसीलदार, पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने समझाइश कर युवक को टंकी से उतारा. कोतवाली पुलिस युवक को थाने ले गई. हंगामारत युवक का कहना है कि वह बेरोजगारों की मांग लेकर शहर में धरना देना चाहता था. इसके लिए प्रशासन से अनुमति मांगी, लेकिन कई बार आवेदन के बाद भी प्रशासन ने धरने की अनुमति नहीं दी. इसके विरोध में उसने टंकी पर चढ़कर अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखी.
अलवर तहसीलदार रश्मि शर्मा ने बताया कि एक युवक के भगतसिंह चौराहा स्थित टंकी पर चढ़ने की सूचना मिली. पुलिस मौके पर पहुंची. हैदर अली नामक युवक से बातचीत की कोशिश की. युवक हैदर ने कहा कि बेरोजगारों का फेवर करना चाहता हूं. प्रशासन को ज्ञापन देना है. इस पर युवक को समझाकर टंकी से उतरने को कहा. समझाइश के बाद युवक करीब तीन घंटे बाद टंकी से उतरा. इसके बाद युवक को पुलिस प्रोटेक्शन में भेजा गया.
पढ़ें:बाड़मेर में 5 दिन में दूसरी बार टंकी पर चढ़ा युवक, भाजपा नेता के आश्वासन पर उतरा

पांच बार मांगी अनुमति: सामाजिक कार्यकर्ता हैदर अली ने बताया कि आरटीआई से सरकारी विभागों में खाली पदों की जानकारी ली. बड़ी संख्या में पद खाली होने का पता चला.इतने पद खाली हैं तो युवाओं को रोजगार कैसे मिलेगा?. चार माह से युवाओं की मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरने के लिए एसडीएम से अनुमति मांंग रहा था. पांच बार आवेदन दिया लेकिन ना धरने की अनुमति दी और ना ही इस बारे में जानकारी दी. हैदर ने कहा कि बेरोजगारों की मांगों पर सुनवाई नहीं होने से व्यथित होकर टंकी पर चढ़ा. पुलिस से आश्वासन दिया कि धरना प्रदर्शन की अनुमति देंगे. हैदर जिस टंकी पर चढ़े, वह वन मंत्री संजय शर्मा के निवास के सामने थोड़ी दूर है. यहां करीब तीन घंटे युवक ने हंगामा किया.

