ETV Bharat / state

रामनगर में सड़क हादसा, बाइक और बोलेरो की आमने-सामने से जोरदार टक्कर, युवक की मौत

रामनगर-काशीपुर रोड पर बाइक सवार युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया. इस हादसे में युवक की जान चली गई.

Etv Bharat
कॉन्सेप्ट इमेज (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 18, 2025 at 2:36 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में काशीपुर रोड पर सोमवार सुबह बाइक और बोलेरो वाहन की जोरदार भिड़ंत हुई. इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. , युवक की शिनाख्त काशीपुर निवासी राहुल ठाकुर के रूप में हुई है. इस हादसे में मृतक के परिजन सदमे में है. पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक हादसा सोमवार सुबह करीब आठ बजे के आसपास नेशनल हाईवे-309 पर ग्राम चिलकिया के पास हुआ. बताया जा रहा है कि काशीपुर के आवास विकास कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय राहुल ठाकुर अपनी बाइक से रामनगर की ओर ड्यूटी के लिए जा रहा था. राहुल प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर अपने कार्यस्थल के लिए जाता था. सुबह का समय होने के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही तेज थी.

इसी दौरान चिलकिया के पास अचानक सामने से आ रही बोलेरो कार और राहुल की बाइक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और राहुल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी. मौके पर पहुंचे आपातकालीन सेवा कर्मियों ने घायल को तुरंत रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद राहुल को मृत घोषित कर दिया.

कोतवाली रामनगर के वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज नयाल ने घटना कि पुष्टि करते हुए बताया कि बोलेरो और बाइक को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है. वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच चल रही है.

मनोज नयाल ने कहा कि मृतक युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतक राहुल ठाकुर के परिजन और परिचित भी अस्पताल पहुंच गए. अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया और परिवारजन रो-रोकर बेहाल हो उठे.

परिजनों का कहना है कि राहुल सुबह घर से ड्यूटी के लिए निकला था, किसी को अंदेशा भी नहीं था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि रामनगर-काशीपुर नेशनल हाईवे पर आए दिन हादसे हो रहे हैं. तेज रफ्तार वाहन और लापरवाही से गाड़ी चलाना इन दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है. लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.

दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि बोलेरो चालक की जिम्मेदारी तय करने के लिए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी. हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके पर रुका रहा या भाग निकला, इस पर भी पुलिस जांच कर रही है. फिलहाल, पुलिस ने मृतक युवक का शव पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना से जुड़ी अन्य कड़ियां साफ हो पाएंगी.

पढ़ें---