यादव कथावाचक की चोटी काटी, सिर मुंडवाया, नाक रगड़वाई; इटावा के गांव में कथा करने पर बवाल, हारमोनियम तोड़ा, मारपीट
कथावाचक का सहयोगी भी घायल, सपा सांसद दोहरे विवाद में कूदे, SSP बोले- आरोपियों को करेंगे गिरफ्तार.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 23, 2025 at 5:26 PM IST
इटावा : दबंगों ने कथा कहने पहुंचे कथावाचक की चोटी काट दी. मारपीट के बाद उनका पूरा सिर मुंडवा दिया. हारमोनियम भी तोड़ दिया. इसके बाद महिला यजमान के पैरों पर नाक रगड़वाई. कथावाचक के साथी को भी मारपीट कर घायल कर दिया. उसका भी सिर मुंडवा दिया. बताया जा रहा है कि कथावाचक यादव जाति के हैं. वह ब्राह्मणों के गांव में कथा करने पहुंचे थे. सपा सांसद जितेंद्र दोहरे भी विवाद में कूद पड़े हैं. उन्होंने एसएसपी से शिकायत की. एसएसपी ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं.
मामला बकेवर थाना क्षेत्र के दादरपुर गांव का है. कथावाचक का आरोप है कि यादव होने की वजह से उनके साथ मारपीट की गई. घटना 21 जून की है. घटना के दो वीडियो भी सामने आए है. इनमें से एक 1 मिनट 1 सेकेंड का जबकि दूसरा 32 सेकेंड का है. इनमें कथावाचक और उनके साथी के साथ युवक दबंगई करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में कथावाचक और उनके सहयोगी का सिर मुंडवाते काफी लोग नजर आ रहे हैं. ये वीडियो सोशल मीडियो पर भी शेयर किए गए हैं. मामला ब्राह्मण और यादव जाति से जुड़ा होने के सियासी लोग भी खुलकर सामने आने लगे हैं. पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है.
बुकिंग के बाद 21 जून को गांव में कथा कहने गए थे : कथावाचक मुकुट मणि सिंह यादव इटावा के सिविल लाइन इलाके के जवाहरपुरा राजा का बाग में रहते हैं. वे मूल रूप से कानपुर के रहने वाले हैं. उनके साथी संत सिंह यादव औरैया के अछल्दा जबकि तीसरे साथी श्याम कठेरिया इटावा के बकेवर के रहने वाले हैं. मुकुट मणि सिंह ने बताया कि वह भागवत कथा कहते हैं. 21 जून से 27 जून तक दादरपुर गांव में उन्हें कथा कहने के लिए बोला गया था. बुकिंग पाठक बाबा के माध्यम से गांव निवासी पप्पू बाबा ने कराई थी.
कार से बाहर खींचा, बोले- ब्राह्मणों के गांव में कैसे हिम्मत की : कथावाचक का आरोप है कि कथा के पहले दिन शाम को भोजन करते समय पप्पू बाबा ने मुझसे मेरी जाति पूछी. इस पर मैंने उन्हें बताया कि मैं यादव बिरादरी से हूं. इस पर उन्होंने मेरे दलित होने का आरोप लगा दिया. इसके बाद कई युवकों ने उन्हें घेर लिया. पप्पू बाबा कहने लगे कि ब्राह्मणों के गांव में भागवत पाठ करने की हिम्मत कैसे की. दबंगों ने गाड़ी से उन्हें जबरन बाहर खींच लिया. जोर जबरदस्ती में उनका कुर्ता फट गया.

गालियां दीं, लात-घूंसों से पीटा, नाक रगड़वाई : दबंगों ने गालियां देते हुए ट्रिमर से मुकुट मणि सिंह यादव की चोटी काट दी. बाद में उनका सिर भी मुंडवा दिया. आरोप है कि पप्पू बाबा के साथ अतुल, डीलर, मनीष और लगभग 50 अज्ञात लोगों ने गालियां दीं. लात-घूसों, जूतों और चप्पलों से पीटा. गांव की भीड़ के सामने सिर मुंडवा दिया. इसके बाद परीक्षित (महिला यजमान) के पैरों पर नाक भी रगड़वाई. उनके साथ मारपीट भी की. इसके बाद कथा वाचक के सहयोगी संत सिंह के साथ भी दबंगों ने मारपीट की. उनका भी सिर मुंडवा दिया. हारमोनियम भी तोड़ दिया.
रुपये और सोने की चेन भी छीन ली : कथा वाचक का आरोप है कि दबंगों ने मेरे 25 हजार रुपये और एक सोने की चेन छीन लिए. इसके बाद बेइज्जत करके गांव से भगा दिया. मेरा सारा सामान अभी भी उनके कब्जे में है. पीड़ित कथावाचक ने अतुल, मनीष, पप्पू बाबा और डीलर आदि के नाम पुलिस को बताए हैं. इनके खिलाफ कोतवाली में नामजद एप्लिकेशन दी गई है. पीड़ितों ने इटावा एसएसपी को मामले को भी जानकारी दी. आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

सपा सांसद जीतेंद्र दोहरे पहुंचे एसएसपी कार्यालय : दो जातियों के बीच का मामला होने के कारण घटना ने राजनीतिक रंग ले लिया है. इटावा से सपा सांसद जीतेंद्र दोहरे सपा कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव से मिलने पहुंचे. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. कहा कि ऐसी ऐसी घटनाओं से समाज बंट जाता है. दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
#Etawahpolice
— ETAWAH POLICE (@etawahpolice) June 23, 2025
थाना बकेवर क्षेत्रान्तर्गत हुई घटना के संबंध मे एसएसपी इटावा द्वारा दी गयी बाइट । pic.twitter.com/mJ4yXZKFM9
एसएसपी बोले-दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई : एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बकेवर थाना प्रभारी को तत्काल आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य आरोपी भी जल्द पकड़ लिए जाएंगे. आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.
ये आरोपी हुए गिरफ्तार : गांव दादरपुर निवासी आशीष तिवारी (21), उत्तम अवस्थी (19), प्रथम दुबे उर्फ मनु दुबे (24) और निक्की अवस्थी (30) को गिरफ्तार कर लिया गया है. इनमें निक्की मुख्य आरोपी है. उसने ही कथा वाचक की चोटी काटी थी. पुलिस इन्हें जेल भिजवाने की कार्रवाई कर रही है. वहीं पुलिस के अनुसार कुछ ग्रामीणों का कहना है कि कथावाचक ने कार्यक्रम से पहले खुद को ब्राह्मण बताया था.
सांसद बोले- भागवताचार्य के साथ व्यवहार अमानवीय : सपा सांसद जितेंद्र दोहरे ने बताया भागवताचार्य और उनके सहयोगियों के साथ जो व्यवहार किया गया, वह अमानवीय है. यह संविधान के भी खिलाफ भी है. सांसद ने कहा कि एसएसपी इटावा से मिलकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है. पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो सपा इस मुद्दे को संसद में उठाएगी.
यह भी पढ़ें : महिला सिपाही के दूसरी जाति के दरोगा से शादी करने पर पंचायत का तालिबानी फरमान, परिवार का किया हुक्का पानी बंद

