न्याय की मांग करते हुए पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, जानिए पूरा मामला
भरतपुर में एक महिला पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए पानी की टंकी पर चढ़ गई.

Published : October 13, 2025 at 12:28 PM IST
भरतपुर : शहर के गुलाल कुंड इलाके की एक महिला न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए सोमवार को शहर के बिजलीघर के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई. करीब एक घंटे तक चले ड्रामे के बाद महिला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर नीचे उतरी. महिला ने कुछ दिन पहले एक युवक और उसके पिता के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था.
महिला के प्रकरण में कुछ दिन पहले न्यायालय में बयान दर्ज किए गए हैं. उसे निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद वह टंकी से नीचे उतरी. : मदनलाल, थाना अधिकारी, मथुरागेट
महिला ने अपने इस्तगासे में आरोप लगाया कि दो वर्ष पहले आरोपी युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था, जिसके बाद समाज के दबाव में उसने समझौता कर लिया. आरोपी समझौते के बाद भी लगातार उसे परेशान करता रहा. 21 अगस्त 2025 को आरोपी ने उसे फोन पर धमकी दी और जब वह बैंक के रास्ते जा रही थी, तब मोटरसाइकिल से आकर जबरन होटल में ले गया. यहां शराब पिलाकर जबरदस्ती करने की कोशिश की. महिला किसी तरह छूटकर वहां से निकल आई.
शाम को जब महिला अपने रिश्तेदार को लेने हीरादास बस स्टैंड गई, तब आरोपी ने फिर उसका पीछा किया और होटल के बाहर गाली-गलौच करते हुए झगड़ा किया. देर रात आरोपी उसके घर पहुंच गया और अपहरण की कोशिश की. महिला और उसकी मां ने किसी तरह आरोपी को भगा दिया. महिला का आरोप है कि उसने पुलिस थाना मथुरा गेट में शिकायत दी पर कार्रवाई नहीं हुई. बाद में उसने पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी, मगर रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई. इसी से आहत होकर महिला टंकी पर चढ़ गई और न्याय की मांग करने लगी.

