शिबू सोरेन के "हरवा तो जोतो न रे" के नारे को कांके नगड़ी के ग्रामीणों ने बनाया आंदोलन का आधार, RIMS 2 के लिए चिन्हित जमीन पर धनरोपनी की
रांची के नगड़ी में रिम्स 2 के निर्माण के विरोध में ग्रामीणों ने चिन्हित जमीन पर धनरोपनी की. साथ ही घंटों तक सड़क जाम रखा.

Published : August 24, 2025 at 7:46 PM IST
रांची: राजधानी रांची के कांके नगड़ी में प्रस्तावित RIMS-2 के लिए जिस 200 एकड़ जमीन को चिन्हित किया गया है,उस जमीन पर लाख बंदिशों के बावजूद हजारों की संख्या में ग्रामीणों न सिर्फ उस जमीन पर पहुंचकर धनरोपनी की, बल्कि अपने साथियों को पुलिस से छुड़वाने के लिए कांके-पिठोरिया रोड को भी जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने अपने आंदोलन के लिए दिशोम गुरु शिबू सोरेन के उस स्लोगन को आधार बनाया जिसमें उन्होंने कहा था कि "हरवा तो जोतो न यार".
जमीन हमारी, नहीं बनने देंगे RIMS-2
पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के आह्वान पर रविवार को कांके के नगड़ी में उस जमीन पर हल-बैल चलाने का आह्वान किया गया था, जिस पर RIMS-2 का निर्माण होना था. प्रशासन ने रविवार सुबह में ही चंपाई सोरेन को उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया था और कांके नगड़ी की विवादित जमीन से दो किलोमीटर पहले ही बैरिकेडिंग लगा दी थी. बावजूद इसके खेत,नदी,अहरा पार कर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण अपनी जमीन पर पहुंच गए. लोगों ने प्रशासन द्वारा की गई कंटीली तारों की फेंसिंग को काट दिया और खेतों में उतरकर धनरोपनी की.
विरोध कर रहे लोगों ने कहा कि वह अस्पताल का विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन अस्पताल के लिए उनके पुरखों की उपजाऊ जमीन लेने का विरोध कर रहे हैं. झारखंड और रांची में हजारों एकड़ बंजर या सरकारी जमीन है, सरकार वहां पर अस्पताल का निर्माण कराए.
धनरोपनी करने पहुंचीं निशा भगत ने कहा कि झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा और शिबू सोरेन ने कई आंदोलन किए हैं. जिससे आदिवासियों को हक और अधिकार मिला है, लेकिन हेमंत सोरेन आदिवासियों को कुचलने की कोशिश कर रहे हैं. किसी भी कीमत पर नगड़ी की जमीन पर अस्पताल नहीं बनने दिया जाएगा, तमाम बंदिशों के बावजूद आज हममें धनरोपनी कर उसका संकेत दिया गया है. आरती कुजूर ने कहा कि किसी भी कीमत पर हम इस जमीन पर रिम्स 2 नहीं बनने देंगे.

कांके-पिठोरिया रोड और रिंग रोड को किया जाम
रिम्स 2 का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर कांके पिठोरिया रोड और रिंग रोड को घंटो जाम कर दिया .इस दौरान रिंग रोड पर लंबी दूरी की गाड़ियां फंसी रही.

ये भी पढ़ें-
चंपाई सोरेन को किया गया हाउस अरेस्ट, RIMS 2 की जमीन पर चलाने वाले थे हल

