ETV Bharat / state

गढ़वा में घायल युवती का रेस्क्यू करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, कई पुलिसकर्मी चोटिल, 6 लोग हिरासत में, जानें वजह

मारपीट में घायल युवती का रेस्क्यू करने गई गढ़वा पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं.

Attack On Garhwa Police
गढ़वा का नगर उंटारी थाना. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 12, 2025 at 5:19 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गढ़वा: जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र में मारपीट में घायल ओडिशा की युवती का रेस्क्यू करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. जिसमें कुछ पुलिस कर्मी को चोट आई है. मामले में पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है. साथ ही मारपीट में घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

एसडीपीओ ने की घटना की पुष्टि

श्रीबंशीधर नगर के एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मारपीट में एक युवती घायल हो गई थी. सूचना मिलने के बाद जब पुलिस वहां पहुंची तो ग्रामीणों ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की और पुलिस जवानों पर हमला कर दिया. जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोट आई है. पुलिस ने इस मामले में करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है. वहीं युवती को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में पुलिस ने भर्ती कराया है.

जानकारी देते श्रीबंशीधर नगर के एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह. (वीडियो-ईटीवी भारत)

क्या है पूरा मामला

एसडीपीओ ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले गढ़वा के मंगरदह निवासी नेपाली राम का पुत्र दीपू कुमार रवि ओडिशा के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने गया था. जहां उसकी मुलाकात उक्त युवती से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती हो गई और यह दोस्ती आगे जाकर प्यार में तब्दील हो गई.

ओडिशा निवासी युवती का आरोप है कि इस दौरान शादी का झांसा देकर दीपू ने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया. जिससे युवती प्रेगनेंट हो गई. उसके बाद दीपू ने बहला-फुसलाकर और दबाव बनाकर गर्भपात करा दिया. कुछ वर्षों के बाद दीपू अपने घर गढ़वा लौट आया. हालांकि मोबाइल से दोनों में बातचीत होती रही. युवती के अनुसार फोन पर भी दीपू हमेशा शादी करने की बात कहता रहा.

Attack On Garhwa Police
घायल युवती का रेस्क्यू करने पहुंची पुलिस टीम. (फोटो-ईटीवी भारत)

युवती ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2024 में जानकारी मिली कि दीपू किसी अन्य लड़की से शादी करने जा रहा है. उसके बाद युवती ने दीपू से मोबाइल पर बात की, लेकिन दीपू ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया. उसके बाद युवती 7 मार्च 2024 को युवक के घर मंगरदह पहुंच गई. उस दौरान युवती के साथ मारपीट कर उसे भगा दिया गया था, लेकिन कुछ दिनों बाद युवती फिर लौट आई. लौटने के बाद युवती ने कहा कि जब तक उसे न्याय नहीं मिल जाता है वह यहीं रहेगी. तब से वह दीपू के घर में ही रहने लगी. उधर, दीपू ने इस बीच अन्यत्र शादी कर ली. जिससे उसे एक बच्चा भी है.

हमले में कुछ जवान चोटिल

इधर, गुरुवार को नगर उंटारी पुलिस को जानकारी मिली थी कि ओडिशा की युवती के साथ मारपीट की गई है. जिसमें युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है. सूचना पर घायल युवती का रेस्क्यू करने एसआई संजय के नेतृत्व में पुलिस टीम मंगरदह पहुंच गई. लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया. घटना में कुछ पुलिस जवान चोटिल हो गए हैं. हमले के बाद इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी सहित काफी संख्या में पुलिस जवान मौके पर पहुंच गए. तब जाकर मामला शांत हुआ.

ये भी पढ़ें-

रांची में ऑटो चालकों की गुंडागर्दी! ट्रैफिक पुलिस पर जानलेवा हमला, एक जवान गंभीर रूप से जख्मी

धोखाधड़ी की आरोपी महिला को गिरफ्तार करने पहुंची थी बंगाल पुलिस, परिजनों ने कर दी पिटाई, एफआईआर दर्ज

बंदर रेस्क्यू करने गई पुलिस टीम पर मिर्च पाउडर से हमला, गेट में लगाया करंट

अवैध बालू उठाव के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस पर हमला, थाना प्रभारी समेत पुलिस जवान घायल