बिहार में BEO और अकाउंटेंट गिरफ्तार, शिक्षक से ले रहे थे रिश्वत, निगरानी अधिकारियों ने दबोचा
बिहार के विभिन्न जिलों में लगातार निगरानी विभाग का एक्शन हो रहा है. इसी कड़ी में बीईओ समेत दो को दबोचा गया. पढ़ें खबर.

Published : June 18, 2025 at 4:31 PM IST
रोहतास : बिहार के इन दिनों घूसखोरों पर निगरानी विभाग की शामत आन पड़ी है. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो लगातार घूसखोरों पर कार्रवाई कर रहा है. रोहतास में निगरानी की टीम ने दो घूसखोरों को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया है. बिक्रमगंज में पटना से आई निगरानी टीम ने बुधवार को बीईओ और उनके कार्यालय के लेखा सहायक को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया. निगरानी की कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा है.
बिक्रमगंज में BEO और अकाउंटेंट गिरफ्तार : दअरसल, निगरानी की टीम ने बिक्रमगंज के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधीरकांत शर्मा तथा उनके कार्यालय के लेखा सहायक सुभाष कुमार को गिरफ्तार कर लिया. बड़ी बात यह है कि रिश्वत की राशि एक शिक्षक से ही ली जा रही थी.
शिक्षक से ले रहे थे रिश्वत : जानकारी के अनुसार, विजिलेंस अधिकारियों ने BEO सुधीरकांत शर्मा को 7 हजार 6 सौ रुपए तथा उनके कार्यालय के लेखा सहायक सुभाष कुमार को सात हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. दोनों आदर्श मध्य विद्यालय, गोटपा के शिक्षक विद्या भूषण से रिश्वत ले रहे थे.

निगरानी अधिकारियों ने रंगे हाथ दबोचा : बताया जाता है कि ट्रेनिंग के दौरान एरिअर की राशि भुगतान करने एवं सर्विस बुक के संधारण में प्रतिवर्ष पांच सौ रुपए के हिसाब से रुपए की मांग की गई थी. पीड़ित शिक्षक विद्याभूषण ने बताया कि उनसे 20 हजार रुपए की मांग की थी. लेकिन उन्होंने आज BEO को 7600 रुपए तथा लेखा सहायक को ₹7000 रुपए दिए. इसी दौरान निगरानी की टीम ने दोनों को पकड़ लिया.
''प्रशिक्षण के वेतन निर्धारण और बकाया एरियर के लिए BEO द्वारा 7600 रुपया और अकाउंटेंट द्वारा 7000 रुपया रिश्वत लिया गया. इसी दौरान दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. अब दोनों को पटना ले जाया जा रहा है.''- श्याम बाबू प्रसाद, डीएसपी, निगरानी
सरकारी बाबुओं में हड़कंप : निगरानी डीएसपी श्याम बाबू प्रसाद ने बताया कि शिक्षक ने निगरानी को यह सूचना दी थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है. बता दें कि रोहतास जिला में पिछले एक महीने में निगरानी की टीम ने चार सरकारी बाबुओं को गिरफ्तार किया है.
ये भी पढ़ें :-
बिहार में एक ASI दूसरे ASI से ले रहा था घूस, तभी हुई निगरानी की एंट्री
बिहार में 2 दारोगा गिरफ्तार, रिश्वत लेते हुए निगरानी ने रंगे हाथ दबोचा

