बिहार में एक ASI दूसरे ASI से ले रहा था घूस, तभी हुई निगरानी की एंट्री
वैशाली में बीडीओ, सिवान में राजस्व कर्मचारी, छपरा में क्लर्क की गिरफ्तारी के बाद निगरानी ने सासाराम से एएसआई को गिरफ्तार किया. पढ़ें खबर

Published : June 11, 2025 at 5:03 PM IST
रोहतास : बिहार में इन दिनों घूसखोर अफसर व कर्मी लगातार विजिलेंस के रडार पर हैं. निगरानी की टीम एक-एक करके घूस लेने वालों को दबोच रही है. इसी कड़ी में ताजा मामला सासाराम से है, जहां निगरानी की टीम रेल पुलिस के एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) को 5000 रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया. निगरानी की कार्रवाई से हड़कंप मच गया.
सासाराम GRP का ASI गिरफ्तार : दअरसल सासाराम रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने में पदस्थापित एएसआई विजय सिंह को पटना से आई निगरानी विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है. विजय सिंह एक महिला से पांच हजार रुपए ले रहा था. तभी जाल बिछाए निगरानी के अधिकारियों ने उसे दबोच लिया.
केस मैनेज करने के नाम पर घूस की डिमांड : बताया जाता है कि विजय सिंह ने पीड़ित महिला से केस में मदद करने के एवज में 5 हजार की डिमांड की थी. पटना जिला पुलिस बल में तैनात एएसआई बसंती कुमारी के पति का एक छिनतई के मामले में नाम आया था. इस मामले में थाना से ही जमानत देने के लिए बसंती कुमारी से रिश्वत मांगी गयी थी.
निगरानी में की गई शिकायत : ASI बसंती कुमारी ने पहले ही 10 हजार रुपए विजय को दे चुकी थी. पांच हजार रुपये की और डिमांड की गई थी. जिसके बाद बसंती कुमारी ने सारे मामले की निगरानी से शिकायत की. इसी शिकायत पर निगरानी आज सासाराम पहुंची.
एक ASI दूसरे ASI से ले रहा था घूस : ऐसे में आज जब बसंती कुमारी 5 हजार रुपए और दे रही थी. उसी समय निगरानी की टीम ने विजय कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया. बड़ी बात यह है कि अपने ही पुलिस विभाग की एक महिला पुलिस अधिकारी से सब इंस्पेक्टर विजय सिंह पैसा ले रहा था. पकड़ा गया एसआई विजय कुमार सिंह छपरा जिला का रहने वाला है.
मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की वरीय डीएसपी कुमारी किरण पासवान ने बताया कि जीआरपी के सब इंस्पेक्टर रेल थाना कांड संख्या 10/2025 में अनुसंधानकर्ता थे और केस में मदद के नाम पर बसंती देवी से रिश्वत की मांग कर रहे थे. फिलहाल निगरानी टीम गिरफ्तार एसआई को पटना ले जा रही है, जहां निगरानी के स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा.
''जीआरपी के सब इंस्पेक्टर विजय सिंह बसंती देवी से केस में मदद के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहे थे. बसंती देवी द्वारा निगरानी विभाग में दर्ज शिकायत का सत्यापन कर प्राथमिकी दर्ज की गई. इसी आलोक में आज निगरानी विभाग की टीम ने मामले के अभियुक्त विजय सिंह को रिश्वत की राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.''- कुमारी किरण पासवान, वरीय डीएसपी, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो
पहले भी हो चुका है एक्शन : बता दें कि लगातार हो रही निगरानी विभाग की कार्रवाई से जिले के अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है. बीते 24 मई को सासाराम अंचल में पदस्थापित एक डाटा ऑपरेटर आकाश कुमार को भी निगरानी विभाग की टीम ने रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार किया था. मात्र 15 दिनों के अंतराल पर निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से जिले के भ्रष्ट अधिकारियों में एक तरफ जहां खौफ है, वहीं दूसरी ओर आम जनता राहत महसूस कर रही है.
ये भी पढ़ें :-
Rohtas News: रोहतास में विजिलेंस टीम की छापेमारी, 10 हजार रुपये लेते चकबंदी अधिकारी गिरफ्तार
रोहतास सिविल सर्जन कार्यालय का लिपिक रिश्वत लेते गिरफ्तार, निगरानी टीम ने दबोचा

