सैकड़ों युवाओं के पैरों की धमक से हिला विदिशा, अग्निवीर भर्ती रैली में उमड़ा देश प्रेम का सैलाब
विदिशा में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली, मैदान में गूंजा देशभक्ति का जोश, सेना भर्ती रैली के चौथे दिन राजगढ़ के युवाओं का दिखा दमखम.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 26, 2025 at 6:34 PM IST
विदिशा: सेना में शामिल होना सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि यह मातृभूमि की सेवा और गर्व की बात है. यहां चयनित होने वाले हर युवा पर देश की रक्षा का दायित्व होगा. यह कहना है कर्नल जय शंकर सिंह का. दरअसल जिला मुख्यालय विदिशा में इन दिनों अग्निवीर भर्ती रैली चल रही है, जिसमें रोजाना बड़ी संख्या में युवा भाग लेने पहुंच रहे हैं. अग्निवीर भर्ती रैली के चौथे दिन सोमवार को राजगढ़ जिले के युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया.
युवाओं के चेहरे पर दिखा जोश और उत्साह
इस भर्ती रैली का यह चरण विशेष रूप से राजगढ़ जिले के युवाओं के लिए आयोजित किया गया था. इस चरण में कुल 743 उम्मीदवारों को शामिल होना था, जिनमें से 653 युवा मैदान में उपस्थित हुए. बारिश के इस मौसम में ठंडी हवा और मैदान की मिट्टी में दौड़ते हुए इन युवाओं के चेहरे पर थकान के बजाय जोश और देशभक्ति साफ झलक रही थी. हर उम्मीदवार की आंखों में भारतीय सेना की वर्दी पहनने का सपना और मातृभूमि की सेवा का जज्बा साफ दिखाई दे रहा था.

दौड़ में दिखा अनुशासन और संघर्ष
भारतीय सेना भर्ती रैलियों का सबसे पहला और कठिन चरण 1600 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता होती है. यह सिर्फ शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं, बल्कि अनुशासन, मेहनत और हिम्मत का भी आकलन है. मैदान में जब सीटी बजी तो सैकड़ों युवाओं ने एक साथ दौड़ना शुरू किया. उनके कदमों की धमक से पूरा मैदान गूंज उठा. दौड़ में शामिल 653 युवाओं में से 403 युवा सफल हुए.

दौड़ परीक्षा पास कर चुके युवाओं को अब इन 3 चरणों से गुजरना होगा. इसमें शारीरिक दक्षता परीक्षण, दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल जांच है. इन परीक्षाओं को पार करना इन युवाओं के लिए बेहद जरूरी है. क्योंकि इनमें पास होने के बाद ही वे भारतीय सेना में भविष्य का रास्ता तय कर सकते हैं.
चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी
सेना भर्ती कार्यालय भोपाल से आए कर्नल जय शंकर सिंह ने बताया कि चयन की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और केवल योग्यता आधारित है. यहां किसी तरह का पक्षपात संभव नहीं है. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचें और केवल अपनी मेहनत और लगन पर भरोसा करें."

प्रशासन और सेना का संयुक्त प्रयास
अग्निवीर भर्ती रैली का सफल आयोजन जिला प्रशासन विदिशा और सेना भर्ती कार्यालय भोपाल के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है. प्रशासन ने मैदान में आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं. जैसे पेयजल, प्राथमिक उपचार, सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया. वहीं मैदान में उपस्थित युवाओं में सेना में भर्ती होने का उत्साह दिखा.

चौथे दिन की भर्ती प्रक्रिया
- राजगढ़ जिले के युवा अग्निवीर भर्ती रैली प्रक्रिया में शामिल हुए.
- कुल 743 उम्मीदवारों में से 653 युवाओं ने उपस्थिति दर्ज कराई.
- दौड़ परीक्षा में कुल 403 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की.
- सेलेक्ट अभ्यर्थियों की अब शारीरिक दक्षता, दस्तावेज और मेडिकल जांच होगी.
- भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित है.
- जिला प्रशासन और सेना के संयुक्त सहयोग से रैली का सफल आयोजन हुआ.
युवाओं के चेहरों पर देशभक्ति की झलक
इस भर्ती रैली ने विदिशा शहर और आसपास के क्षेत्रों में देशभक्ति की एक नई लहर पैदा कर दी है. मैदान में पहुंचने वाले प्रत्येक युवा ने यह दिखाया कि भारतीय सेना में शामिल होना उनके जीवन का सबसे बड़ा सपना है. कई युवाओं ने कहा कि "यह अवसर उनके लिए सिर्फ करियर का साधन नहीं, बल्कि देश की सेवा का मौका है."

- मध्य प्रदेश में पुलिस भर्ती बोर्ड गठन की घोषणा, हर साल होगी बंपर भर्ती
- अग्निवीर का फिजिकल टेस्ट शुरू, जानें मध्य प्रदेश के किस जिले का कब आएगा नंबर
भारतीय सेना का हिस्सा बनने के लिए तैयार युवा
विदिशा में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली सिर्फ एक परीक्षा नहीं, बल्कि देश भक्ति और युवा ऊर्जा का एक जीवंत उदाहरण बन गई है. यह रैली दर्शाती है कि देश का नौजवान आज भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ भारतीय सेना का हिस्सा बनने के लिए तैयार है. विदिशा का यह मैदान आने वाले समय में सैकड़ों युवाओं के जीवन में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है, यहां से उनकी यात्रा सीधे देश की रक्षा की पंक्ति तक पहुंचेगी.

