ग्रैंड फिनाले : सोनिया कौर बनीं मिस वीईसी क्वीन ऑफ इंडिया, मधु सिंह ने मिसेज का टाइटल जीता
बॉलीवुड अभिनेत्री नीलम कोठारी ने पहनाया विजेताओं को ताज, कहा - हर महिला एक रानी है.

Published : October 9, 2025 at 7:41 AM IST
|Updated : October 9, 2025 at 7:53 AM IST
जयपुर: गुलाबी नगरी जयपुर में एक बार फिर भारत की समृद्ध संस्कृति, आधुनिक फैशन, परंपरा, शैली, स्त्री सौंदर्य और सशक्तिकरण का भव्य संगम देखने को मिला. बुधवार रात को जयपुर के आमेर स्थित एक निजी रिसोर्ट में वेस्ना इवेंट क्राफ्टर्स ने "वीईसी क्वीन ऑफ़ इंडिया 2025" मिस और मिसेज सीज़न 2 के समापन समारोह का आयोजन किया. सोनिया कौर ने "वीईसी क्वीन ऑफ़ इंडिया 2025" मिस का टाइटल और मधु सिंह ने मिसेज. का टाइटल जीता. बॉलीवुड एक्ट्रेस नीलम कोठारी ने "वीईसी क्वीन ऑफ़ इंडिया" के फिनाले में विजेताओं को ताज पहनाकर सम्मानित किया.
कार्यक्रम की संस्थापक और सीईओ मुस्कान गैरोला ने कहा कि इस सीज़न का उद्देश्य महिलाओं को अपने आत्मविश्वास, बुद्धिमत्ता और सामाजिक ज़िम्मेदारी को व्यक्त करने के लिए एक मंच प्रदान करना था. बुधवार देर रात को कार्यक्रम का समापन किया गया. बॉलीवुड अभिनेत्री नीलम कोठारी सोनी ने मुख्य निर्णायक के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और विजेताओं को सम्मानित किया.
इसे भी पढ़ें: 30 तोले सोने के आभूषणों से सजी नक्षत्री बनीं थार सुंदरी, धर्मेंद्र डाबी को मिला थारश्री 2025 का ताज
बॉलीवुड अभिनेत्री नीलम कोठारी सोनी ने कहा कि यह महिलाओं के लिए बहुत ही खूबसूरत अपॉर्चुनिटी है. हर महिला अपने आप में एक रानी है. यह मंच उन्हें वह पहचान देता है जिसकी वे हकदार हैं. यह सिर्फ सुंदरता का ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और उद्देश्य का भी उत्सव है. यह प्रतियोगिता सिर्फ सुंदरता के बारे में नहीं है, यह बुद्धिमत्ता और सामाजिक ज़िम्मेदारी का प्रतीक है.

देश भर से आई पार्टिसिपेंट्स ने अपने आकर्षक व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और फ़ैशन सेंस का प्रदर्शन किया. प्रतिभागियों ने रिसॉर्ट वियर, टैलेंट, वेस्टर्न और एथनिक राउंड सहित विभिन्न राउंड में प्रतिस्पर्धा की, जहां परंपरा और आधुनिकता का रैंप पर खूबसूरती से संगम हुआ. फाइनल के शो डायरेक्टर और कोरियोग्राफर, खिज़र हुसैन ने अपनी विशेषज्ञता से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया. फैशन और मनोरंजन उद्योग की कई प्रमुख हस्तियां इस आयोजन में शामिल हुईं. दर्शकों ने इसे जयपुर के सबसे प्रतिष्ठित और प्रेरक आयोजनों में से एक बताया, जो स्त्री सौंदर्य, परंपरा और आत्मविश्वास को एक साथ लाता है.


