जयपुर में मिक्स्ड मास्टर्स गोल्फ टूर्नामेंट, वुमन डे पर रक्षा बलों की महिलाएं करेंगी शिरकत
महिला दिवस के मौके पर रक्षा क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं में गोल्फ को बढ़ावा देने के मकसद से एक खास आयोजन होने जा रहा है.

Published : March 7, 2025 at 9:30 AM IST
जयपुर. 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रक्षा बलों की महिलाओं की ओर से एक अनूठी पहल के तहत मिक्स्ड मास्टर्स 2025 गोल्फ टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है. यह टूर्नामेंट 7 और 8 मार्च 2025 को जयपुर में आयोजित होगा, जिसमें देशभर से पुरुष और महिला गोल्फ खिलाड़ी भाग लेंगे. रक्षा प्रवक्ता कर्नल अमिताभ शर्मा ने बताया कि इस विशेष आयोजन की पहल फेयरवे क्वेस्ट महिला गोल्फिंग ग्रुप (FQWG) की अध्यक्ष फ्लाइट लेफ्टिनेंट डॉ. अर्पिता शर्मा और उनके सहयोगियों की तरफ से किया जा रहा है. इस आयोजन में एफक्यूडब्ल्यू की सचिव स्क्वाड्रन लीडर एसपीएस कौशिक की पत्नी डायना कौशिक और कर्नल जोगिंदर तंवर की पत्नी रूपाली तंवर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. इस टूर्नामेंट का मकसद महिलाओं, बच्चों और पूर्व सैनिकों के बीच गोल्फ को बढ़ावा देना है.
टूर्नामेंट का प्रारूप और पुरस्कार : इस टूर्नामेंट में दो दिनों तक 18-होल गोल्फिंग राउंड खेला जाएगा, जिसके आधार पर विजेताओं का फैसला किया जाएगा. इस दौरान पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को रोलिंग ट्रॉफी और उपविजेता पुरस्कार दिए जाएंगे. सर्वश्रेष्ठ ड्रेस पहनने वाले गोल्फ खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार मिलेगा. स्पॉट पुरस्कारों में सबसे लंबी ड्राइव, सबसे सीधी ड्राइव और पिन के सबसे नजदीक शॉट मारने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रोडवेज की सौगात, महिलाओं को बसों में नहीं देना होगा किराया
महिला दिवस पर विशेष ड्रेस कोड : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिला खिलाड़ियों के लिए विशेष ड्रेस कोड गुलाबी रंग निर्धारित किया गया है, जो इस आयोजन को और भी खास बनाएगा. इस टूर्नामेंट में देश के अन्य शहरों से भी बड़ी संख्या में गोल्फ खिलाड़ी भाग लेंगे , जिससे यह आयोजन और भी भव्य और प्रतिस्पर्धी होगा. जयपुर में 7 और 8 मार्च को होने वाला यह टूर्नामेंट न सिर्फ खेल प्रेमियों के लिए रोमांचक होगा, बल्कि महिला सशक्तिकरण का संदेश भी देगा.

