ETV Bharat / state

रामपुर में ढाबे पर किसानों से केंद्रीय मंत्री ने किया संवाद, शिवराज सिंह बोले- नकली बीज बेचने वाली कंपनियों पर होगी सख्ती

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रामपुर-बरेली हाईवे पर एक ढाबे में किसानों से सीधा संवाद किया.

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से संवाद किया.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से संवाद किया. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : June 30, 2025 at 10:14 PM IST

|

Updated : June 30, 2025 at 10:31 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रामपुर : केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को रामपुर में चौपाल पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि विकसित कृषि और समृद्ध किसान के संकल्प को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार कार्य कर रही है.

नकली बीज और नकली कीटनाशक बेचकर किसानों को धोखा देने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्ती की जाएगी. इसके लिए नए कानून बनाए जा रहे हैं, ताकि उन्नत खेती के साथ ही किसानों की आर्थिक दशा में भी सुधार हो सके.

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रामपुर में चौपाल पर चर्चा की. (Video Credit; ETV Bharat)

किसानों की बेहतरी के लिए हो रहा काम : केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विकसित कृषि और समृद्ध किसान इस संकल्प की पूर्ति के लिए किसानों से संवाद कर रहे हैं. कोशिश हैं कि एक राष्ट्र, एक कृषि, एक टीम बने. हमारे मंत्री, साइंटिस्ट, केंद्र सरकार, राज्य सरकार, एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, कृषि विज्ञान केंद्र सब मिलकर किसानों की बेहतरी के लिए और कृषि में उत्पादन बढ़ाने के लिए काम करें.

शिवराज सिंह चौहान ने कहा, रामपुर के किसानों को बधाई देना चाहता हूं, यहां बहुत अच्छी खेती होती है. वायरस के अटैक से फसल कैसे बचे और नई वैरायटी कैसे बने इस पर किसानों से बात हुई. अच्छी और उन्नत खेती को लेकर जितने सुझाव आये हैं, उनपर हम और बेहतर से काम करेंगे.

किसानों ने बताई समस्या : किसानों ने अपनी-अपनी समस्याएं और खेती में आ रही चुनौतियों के बारे में बताया. उन्होंने फसल की लागत अधिक आने, मिट्टी का परीक्षण कराने के लिए संसाधनों की कम उपलब्धता, कीटनाशकों की बिक्री में दुकानदारों की मनमानी, घटिया बीज, सिंचाई की समस्या जैसी तमाम समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी और अपने सुझाव दिए. जिसके बाद केंद्रीय मंत्री ने अपने साथ आए कृषि वैज्ञानिकों को निर्देशित करते हुए कहा कि आप लोग रिसर्च करें कि किसानों की इन समस्याओं को कैसे दूर किया जा सकता है.

उन्होंने कहा कि किसान भाई इस बात को लेकर निश्चिंत रहें कि अब कोई उन्हें घटिया बीज और नकली कीटनाशक नहीं बेच पाएगा. इसके लिए केंद्र सरकार कड़े कानून बनाने जा रही है. यदि किसी ने नकली बीज और नकली कीटनाशक बेचा, तो उस कंपनी के खिलाफ ही दंडात्मक कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य किसानों को तकनीक, उन्नत बीज उपलब्ध कराकर समृद्ध करना है. हम सब उसी दिशा में कार्य कर रहे हैं. कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने केंद्र व प्रदेश सरकार की किसानों को लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया.

यह भी पढ़ें: कौशांबी में सिपाही ने बनाई रील, लिखा- हम ब्राह्मण हैं, सिस्टम हिला देते हैं, एसपी ने किया लाइन हाजिर

Last Updated : June 30, 2025 at 10:31 PM IST