सहन हो रहा है, पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर वालों की ऐसे निकाली हीरोगिरी
उज्जैन में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट के चालकों को मिला सबक, थाना परिसर में साइलेंसर के सामने चालकों को बैठाकर बुलेट से निकाली कानफोड़ू आवाज.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 17, 2025 at 3:01 PM IST
उज्जैन: माधव नगर थाना पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट के चालकों को पकड़ कर बड़ा सबक सिखाया है. पुलिस ने थाना परिसर में बुलेट चालक को मॉडिफाइड साइलेंसर के पास जमीन पर बैठाया और फिर तेज आवाज में बुलेट से पटाखे की आवाज निकालकर पूछा सहन हो पा रहा है. इतना ही नहीं पुलिस ने चालकों को थाना क्षेत्र के फ्रीगंज मार्केट में बुलेट को पैदल धकेलते हुए घुमाया, जिसका वीडियो सामने है. दरअसल, एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देशन पर पुलिस ने उज्जैन शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर फर्राटा भरने वाले बुलेट चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है.
पुलिस ने बुलेट चालकों पर की कार्रवाई
माधवनगर थाना प्रभारी राकेश कुमार भारती ने बताया, "ध्वनि प्रदूषण और शहर की शांति भंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. जिसके तहत पुलिस टीम ने कोठी रोड क्षेत्र में चेकिंग लगाई थी. इस दौरान पुलिस ने 3 बुलेट चालकों को पकड़ा है. इनमें से 2 बुलेटों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगे थे और एक बुलेट चालक के पास गाड़ी के कागजात नहीं थे. पुलिस ने तीनों बुलेटों पर चालानी कार्रवाई कर न्यायलय का पंचनामा बना दिया. वहीं पकड़े गए तीनों चालक पैदल बुलेट को धकलते हुए थाने तक गए.
बुलेट और मॉडिफाइड साइलेंसर किए जब्त
चेकिंग के दौरान पकड़े गए बुलेट चालकों पर पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की अलग अलग धाराओं के तहत कार्रवाई की है. तीनों वाहन जब्त किए गये साथ ही पुलिस ने तत्काल दोनों बुलटों से मॉडिफाइड साइलेंसरों को खुलवाया और चालानी कार्रवाई की. मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर चलने वाले युवकों की पहचान अमन पिता चंद्रशेखर तिवारी उम्र 21 वर्ष निवासी शास्त्री नगर उज्जैन और अंकित पिता शोभाराम मौर्य उम्र 19 वर्ष निवासी यूनिवर्सिटी कैंपस उज्जैन के रूप में हुई. वहीं पकड़ा गया तीसरा अभियुक्त नाबालिग बताया जा रहा है.
चेकिंग के दौरान पकड़े गए बुलेट चालक
माधवनगर थाना प्रभारी राकेश कुमार भारती ने कहा," एसपी के निर्देशन में पटाखे फोड़ते चलने वाले बुलेट चालकों के खिलाफ अभियान चलाया गया है. चेकिंग के दौरान पुलिस ने कोठी रोड पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर चल रहे 2 चालकों को पकड़ा है. उनके कागजातों को चेक किया. साथ ही बुलेट और मॉडिफाइड साइलेंसरों को जब्त करने की कार्रवाई की गई है."
- रतलाम ट्रैफिक पुलिस ने टशनबाज बाइकर्स के अरमान रोड पर किए चकनाचूर
- शिवपुरी में फटफट कर नहीं चल पाएंगे बुलेट सवार, पुलिस ने साइलेंसरों पर चलाए रोड रोलर
उज्जैन पुलिस की अपील
उज्जैन पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि मॉडिफाइड साइलेंसर, तेज हार्न व अवैध वाहनों का प्रयोग न करें. यह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि शहर की शांति व सुरक्षा के लिए भी हानिकारक है. नियमों का पालन करें और पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान करें.

